अंत्योदय की भावना से देश का गरीब भी हो रहा सक्षम : मदन राठौड़

WhatsApp Channel Join Now
अंत्योदय की भावना से देश का गरीब भी हो रहा सक्षम : मदन राठौड़


जयपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरगामी सोच और जनकल्याणकारी नीतियों के परिणामस्वरूप समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में व्यापक बदलाव आ रहा है। देश में सामाजिक और आर्थिक स्तर पर सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। पिछले 12 वर्षों में लगभग 50 करोड़ भारतीय अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं। यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की गरीब कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता और सबका साथ, सबका विकास के संकल्प का परिणाम है।

राठौड़ ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं ने गरीबी के खिलाफ लड़ाई को नई गति दी है। जनधन योजना के माध्यम से गरीबों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान उपलब्ध कराने, बिना गारंटी मुद्रा ऋण से स्वरोजगार को बढ़ावा देने और पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आर्थिक सहायता देने जैसे कदमों से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा, हर महीने मुफ्त राशन, शिक्षा के क्षेत्र में नई नीतियां, स्वच्छ भारत मिशन और हर घर जल जैसी योजनाओं ने गरीब परिवारों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन योजनाओं से लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं, शिक्षा, आवास, स्वच्छता और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं। इससे पीढ़ियों से गरीबी और अभाव में जीवन गुजार रहे परिवारों को बेहतर भविष्य की उम्मीद मिली है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों को केवल सरकारी योजनाओं का लाभ ही नहीं मिला, बल्कि उनके आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना भी मजबूत हुई है। जिन परिवारों का जीवन पहले अभावों और चिंताओं में गुजरता था, आज उन्हें जनकल्याणकारी योजनाओं से सुरक्षा और भरोसा मिला है। यही नए भारत की पहचान है, जहां विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779350 Articles

Share this story