जुलाई में मनाया जाएगा एंटी डेंगू माह: जनभागीदारी से चलेगा विशेष अभियान

WhatsApp Channel Join Now
जुलाई में मनाया जाएगा एंटी डेंगू माह: जनभागीदारी से चलेगा विशेष अभियान


जयपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। मानसून के दौरान डेंगू की रोकथाम के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग जुलाई माह को एंटी डेंगू माह के रूप में मनाएगा। भारत सरकार के निर्देशानुसार जिलेभर में पूरे महीने डेंगू की रोकथाम, मच्छर नियंत्रण और जनजागरूकता के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य एडीज मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाकर डेंगू के संभावित प्रकोप को नियंत्रित करना है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि डेंगू एक मच्छरजनित वायरल रोग है, जिसका फिलहाल कोई प्रभावी टीका या विशेष उपचार उपलब्ध नहीं है। ऐसे में मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करना और आमजन की सक्रिय भागीदारी ही इससे बचाव का सबसे कारगर उपाय है। उन्होंने लोगों से घरों, कार्यालयों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने, पानी की टंकियों एवं अन्य जल संग्रहण पात्रों को ढककर रखने तथा सप्ताह में एक दिन 'ड्राई डे' मनाकर कूलर, गमलों और अन्य जल पात्रों की नियमित सफाई करने की अपील की।

उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. इंद्रा गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष भी 11वें राष्ट्रीय डेंगू दिवस की थीम डेंगू नियंत्रण के लिए जनभागीदारी, जांच करें, सफाई करें और ढकें को अभियान का आधार बनाया गया है।

इस अभियान के तहत विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बैठकें, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने की गतिविधियां, आशा कार्यकर्ताओं एवं डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स की सक्रिय भागीदारी, विद्यालयों में प्रश्नोत्तरी, निबंध, चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिताएं, जागरूकता रैलियां तथा सोशल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि जिले में संभावित डेंगू प्रकोप से निपटने के लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीम (आरआरटी) को सक्रिय रखा गया है। साथ ही आवश्यक जांच सुविधाएं, कीटनाशक और अन्य उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि डेंगू नियंत्रण के लिए चलाया जाने वाला यह अभियान चिकुनगुनिया और जीका वायरस जैसे एडीज मच्छर जनित रोगों की रोकथाम में भी प्रभावी साबित होगा।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि घर, कार्यस्थल और आसपास कहीं भी पानी जमा नहीं होने दें तथा स्वच्छता बनाए रखें। विभाग का मानना है कि जनभागीदारी से ही डेंगू मुक्त और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story