पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने सरदारपुरा में की विकास कार्यों की घोषणा
जोधपुर, 14 अपै्रल (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरदारपुरा विधायक अशोक गहलोत ने अपने विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्य कराने की घोषणा की है।
जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ. संजय गौड़ ने बताया कि आमजन की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में बढ़ती जल समस्या और लगातार हो रही नहरबंदी के कारण क्षेत्रवासियों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर 21 हेंडपंप मोटर मशीन सहित विधायक निधि से स्थापित किए जाएंगे, जिससे आमजन को राहत मिलेगी। इसके अलावा क्षेत्र में मंदिरों के बाहर स्थित पीपल के पेड़ों के चबूतरे क्षतिग्रस्त होने की शिकायतें भी सामने आई थीं।
आमजन की मांग के अनुरूप इन चबूतरों का पुनर्निर्माण कराया जाएगा, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके। प्रवक्ता ने बताया कि विधायक अशोक गहलोत ने हमेशा क्षेत्र की जनता की भावनाओं के अनुरूप कार्य किए हैं। इसी क्रम में पूर्व में भी उन्होंने विधायक निधि से करीब 4 करोड़ 82 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्य करवाकर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

