अक्षरधाम मंदिर में 1100 व्यंजनों से सजेगा अन्नकूट: धनतेरस से गोवर्धन पूजा तक होंगे धार्मिक कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
अक्षरधाम मंदिर में 1100 व्यंजनों से सजेगा अन्नकूट: धनतेरस से गोवर्धन पूजा तक होंगे धार्मिक कार्यक्रम


जयपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। वैशाली नगर स्थित स्वामिनारायण अक्षरधाम मंदिर में 6 से 10 नवंबर तक दीपावली और अन्नकूट महोत्सव सहित विभिन्न धार्मिक उत्सव हर्षोल्लास और भक्तिभाव से मनाए जाएंगे। इसके लिए मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। उत्सवों के दौरान धनतेरस, हनुमानजी पूजन, दीपावली, गोवर्धन पूजा और अन्नकूट के विशेष आयोजन होंगे।

मंदिर के कोठारी संत जयतीर्थ स्वामी ने बताया कि संत शास्त्रों के अनुरूप प्रत्येक पर्व के आध्यात्मिक महत्व और उसके मर्म से श्रद्धालुओं को अवगत कराएंगे। भक्तिभाव से भगवान को अर्पित की गई भक्ति से समाज में आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है।

उत्सवों की शुरुआत 6 नवंबर को धनतेरस पर सुबह 7:30 बजे धनकुबेर और लक्ष्मीजी के वेदोक्त मंत्रोच्चार के साथ पूजन से होगी। 7 नवंबर को रूप चौदस पर शाम 6:15 बजे संध्या आरती से पहले वीर हनुमानजी का पूजन और हनुमान चालीसा का पाठ होगा। भगवान को विभिन्न मिष्ठानों का भोग भी लगाया जाएगा।

8 नवंबर को दीपावली पर सुबह 9 बजे बहीखाता पूजन और शाम 7 बजे दीपोत्सव आरती होगी। वहीं, 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव आयोजित किया जाएगा। सुबह 10:30 बजे वैष्णव परंपरा के अनुसार गोवर्धन पूजन होगा। इस दौरान संत विश्व शांति के लिए विशेष प्रार्थना करेंगे।

अन्नकूट महोत्सव में श्रद्धालुओं की ओर से तैयार 1100 से अधिक शुद्ध और सात्त्विक व्यंजनों का महाभोग भगवान को अर्पित किया जाएगा। अन्नकूट की आकर्षक सजावट के दर्शन दोपहर 12 बजे से शाम 6:30 बजे तक किए जा सकेंगे।

मंदिर की बाल सभा के बालक-बालिकाओं की ओर से व्यसन मुक्ति पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें विभिन्न व्यसनों के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर लोगों को उनसे दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा। बच्चों के मनोरंजन और सर्वांगीण विकास के लिए विशेष फन जोन भी बनाया जाएगा। महिला और पुरुष स्वयंसेवक घर सभा के माध्यम से परिवारों में एकता, सद्भाव और शांति का संदेश देंगे।

दर्शनार्थियों के लिए मंदिर परिसर में जूते-चप्पल रखने और पेयजल की नि:शुल्क व्यवस्था रहेगी। इन व्यवस्थाओं का संचालन स्वयंसेवक करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773047 Articles

Share this story