मोबाइल वेटरनरी यूनिट से 61 लाख से अधिक पशुओं का निःशुल्क उपचार

WhatsApp Channel Join Now
मोबाइल वेटरनरी यूनिट से 61 लाख से अधिक पशुओं का निःशुल्क उपचार


जयपुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार मोबाइल वेटरनरी यूनिट योजना के माध्यम से पशुपालकों को घर बैठे पशुओं के लिए निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि 24 फरवरी 2024 से शुरू इस योजना के तहत 15 फरवरी 2026 तक ऑन-कॉल सेवाओं एवं शिविरों के माध्यम से 15 लाख 99 हजार 840 पशुपालकों के कुल 61 लाख 30 हजार 856 पशुओं का मुफ्त उपचार किया गया है।

मंत्री ने बताया कि चूरू जिले में अब तक 35 हजार 466 पशुपालकों के 1 लाख 23 हजार 374 पशुओं का उपचार किया गया है, जबकि चूरू विधानसभा क्षेत्र में 7 हजार 666 पशुपालकों के 36 हजार 549 पशुओं का निःशुल्क इलाज किया गया।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक हरलाल सहारण के पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि योजना की शुरुआत के समय विभाग का कॉल सेंटर शुरू नहीं हो पाया था, इसलिए गांव-गांव शिविर लगाकर पशुपालकों को लाभान्वित किया गया। शिविरों में किए गए उपचार भी कुल आंकड़ों में शामिल हैं। नौ अक्टूबर 2024 को कॉल सेंटर प्रारंभ किया गया तथा 31 दिसंबर 2024 से यूनिट द्वारा नियमित रूप से टोल फ्री नंबर 1962 के माध्यम से ऑन-कॉल सेवाएं दी जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि यह केंद्र प्रवर्तित योजना है, जिसके अंतर्गत प्रदेश में 536 मोबाइल वेटरनरी यूनिट संचालित हैं। मोबाइल वाहनों की शत-प्रतिशत लागत केंद्र सरकार द्वारा वहन की गई है, जबकि संचालन व्यय 60 प्रतिशत केंद्र और 40 प्रतिशत राज्य सरकार द्वारा साझा किया जा रहा है। केंद्र सरकार की मार्गदर्शिका के अनुसार प्रति एक लाख पशुधन पर एक मोबाइल यूनिट स्थापित की गई है। प्रत्येक यूनिट प्रतिदिन औसतन 6 पशुओं का उपचार करती है और इसी आधार पर मानदेय का भुगतान किया जाता है।

निर्धारित संख्या से कम उपचार होने पर मानदेय में कटौती का प्रावधान है।

मंत्री ने कहा कि योजना की सफलता और प्रदेश के विशाल भौगोलिक क्षेत्र को देखते हुए राज्य सरकार ने केंद्रीय पशुपालन मंत्री से मोबाइल यूनिटों की संख्या बढ़ाने का अनुरोध किया है। हालांकि वर्तमान में प्रदेश में इकाइयों की संख्या बढ़ाने का कोई प्रस्ताव विभाग में विचाराधीन नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि चूरू विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में तीन मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयां संचालित हैं, जो नियमित रूप से सेवाएं प्रदान कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story