अनन्त चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शुक्रवार को
जोधपुर, 24 सितम्बर (हि.स.)। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणपति महोत्सव के दौरान चर्तुथी पर स्थापित गणेश मूर्तियों का पूजन के बाद पवित्र जल सरोवरों में विर्सजन किया जाएगा।
शहर में शुक्रवार को विभिन्न स्थानों व घरों में विराजित गणपति बप्पा की प्रतिमाओं को श्रद्धापूर्वक विदाई दी जाएगी और इको फ्रेण्डली प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। भक्तों की ओर से अनन्त चतुर्दशी का उपवास व उद्यापन किया जाएगा। शहर के गुलाबसागर के पास बनाए गए कृत्रिम जल सरोवर पर प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के पुता इंतजाम किए गए हैं। गणेश विसर्जन से पूर्व शिवसेना विभिन्न इलाकों में स्थापित प्रतिमाओं के साथ शोभायात्रा निकालेगी। गणेश महोत्सव समिति, मौहल्ला विकास समितियों व धार्मिक समितियों की ओर से स्थापित अधिकांश प्रतिमाएं अपने-अपने क्षेत्र से जालोरी गेट पहुंचेगी। जालोरी गेट से शोभायात्रा शहर के भीतरी क्षेत्र से होते हुए विसर्जन स्थल पहुंचेगी। जलाशय में इको फ्रेण्डली प्रतिमाओं को विसर्जित किया जाएगा।
गणेश महोत्सव के तहत शहर में हो कई कार्यक्रम
शिकारगढ़ स्थित वैभव विहार में वैभवेश्वर महादेव मंदिर में चल रहे गणेश महोत्सव के तहत छप्पन भोग और महाआरती का आयोजन किया गया। ललित खटवानी ने बताया कि 12 दिवसीय गणेश महोत्सव के 11 वें दिन गुरुवार को आयोजित विशेष पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं और समिति के सदस्यों ने भक्तिभाव से भगवान श्रीगणेश को 56 प्रकार के पकवानों और मिठाइयों का भोग लगाया।
अरिहंत आंचल रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी में आयोजित सप्तम गणेश महोत्सव में भी 56 भोग अन्नकूट महाप्रसादी का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर गणेश पाण्डाल को आकर्षक फूलों से सजाया गया। महाआरती पंडित वल्लभ बोहरा, अंजनी मिश्रा एवं राधेश्याम के सानिध्य में सोसायटी निवासी दीपेश भटनागर एवं दीपशिखा भटनागर ने यजमान के रूप में विधिवत पूजा-अर्चना सम्पन्न कराई।
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-10 स्थित हनुमान वाटिका में नवयुवक मंडल की और से इस वर्ष भी 12 दिवसीय श्री गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि इसी कड़ी में छप्पन भोग और मैजिक शो का आयोजन हुआ।
बड़ला बाग मंडोर में गणेश पंडाल में भगवान गणेश के समक्ष मोहल्लेवासी आनंद टाक एवं उनकी धर्मपत्नी कुसुम टाक की 30वीं वैवाहिक वर्षगांठ हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सभी मोहल्लेवासियों ने दंपती को वैवाहिक वर्षगांठ की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी, समृद्ध एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

