अभिभावक बच्चों पर पढ़ाई का दबाव न बनाएं : अनामिका शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
अभिभावक बच्चों पर पढ़ाई का दबाव न बनाएं : अनामिका शर्मा


अभिभावक बच्चों पर पढ़ाई का दबाव न बनाएं : अनामिका शर्मा


अजमेर, 2 अक्टूबर (हि.स.)। अजमेर नगर निगम की महापौर अनामिका शर्मा ने कहा कि अभिभावकों को बच्चों पर पढ़ाई का अनावश्यक दबाव नहीं बनाना चाहिए। बच्चों की रुचि और प्रतिभा को पहचानकर उन्हें उसी दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।

शर्मा शुक्रवार को मित्तल हॉस्पिटल के कर्मचारियों के प्रतिभाशाली बच्चों के लिए आयोजित पुरस्कार एवं छात्रवृत्ति वितरण समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने करीब 70 बच्चों को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया।

महापौर ने कहा कि केवल पढ़ाई में अच्छे अंक हासिल करना ही प्रतिभा का पैमाना नहीं है। बच्चों को आत्मविश्वास, निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने अपने उदाहरण का उल्लेख करते हुए कहा कि कम पढ़ाई के बावजूद व्यक्ति अपनी मेहनत और क्षमता के बल पर आगे बढ़ सकता है।

गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती का उल्लेख करते हुए शर्मा ने कहा कि बच्चों को अपने परिवार के साथ समाज और राष्ट्र के लिए भी कर्मशील बनने की प्रेरणा दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो बच्चा आत्मविश्वास, निष्ठा और समर्पण के साथ काम करना सीख जाता है, वह निश्चित रूप से आगे बढ़ता है।

महापौर ने कहा कि उनका संकल्प अजमेर के नागरिकों के विश्वास पर खरा उतरना है। उन्होंने शहर को स्वच्छ रखने और नागरिकों को स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के प्रयासों में सहयोग का भरोसा दिलाया।

समारोह में मित्तल ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट सीए डॉ. श्याम सोमानी, अस्पताल के सीईओ एस.के. जैन, वाइस प्रेसिडेंट ऑपरेशनल डॉ. विद्या दायमा, डिप्टी जनरल मैनेजर विजय रांका, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद विजयवर्गीय सहित अस्पताल के अधिकारी मौजूद रहे। वरिष्ठ भाजपा नेता सीताराम शर्मा ने भी बच्चों को प्रोत्साहित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story