ऊंटनी के दूध की मूल्य संवर्धन विधियां एवं नवाचारों से महिला किसानों को जोड़ने की पहल

WhatsApp Channel Join Now
ऊंटनी के दूध की मूल्य संवर्धन विधियां एवं नवाचारों से महिला किसानों को जोड़ने की पहल


बीकानेर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केंद्र (एनआरसीसी), बीकानेर में आज राष्ट्रीय महिला किसान दिवस के अवसर पर कृषक-वैज्ञानिक संवाद एवं विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान बीकानेर जिले के जोड़बीड़ ग्रामीण क्षेत्र की 32 महिला किसानों तथा कुल 39 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत महिला किसानों को केंद्र की विभिन्न इकाइयों यथा- उष्ट्र डेयरी, उष्ट्र डेयरी प्रौद्योगिकी एवं प्रसंस्करण इकाई, उष्ट्र बाड़ों तथा उष्ट्र संग्रहालय का भ्रमण करवाया गया तथा विषय विशेषज्ञ वैज्ञानिकों द्वारा उन्हें उष्ट्रपालन, स्वच्छ दूध उत्पादन, ऊँटनी के दूध से मूल्यवर्धित उत्पादों के निर्माण, चारा उत्पादन तथा ऊँटों के स्वास्थ्य एवं प्रबंधन से संबंधित उपयोगी जानकारी प्रदान की गई।

केंद्र के निदेशक डॉ. अनिल कुमार पूनिया ने वैज्ञानिकों के माध्यम से अपना संदेश देते हुए कहा कि कृषि एवं पशुधन प्रबंधन के क्षेत्र में महिला किसानों का योगदान ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का आधार है। महिलाओं को वैज्ञानिक तकनीकों एवं आधुनिक ज्ञान से जोड़कर न केवल उनकी आजीविका को सुदृढ़ किया जा सकता है, बल्कि परिवार और समाज की आर्थिक समृद्धि को भी बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि महिला किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एनआरसीसी वैज्ञानिक जानकारी एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

केंद्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. बसंती ज्योत्सना ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन ‘समृद्ध राष्ट्र के लिए महिला किसानों का सशक्तीकरण’ विषय के अंतर्गत किया गया। इसका उद्देश्य पशुपालन व्यवसाय में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्हें वैज्ञानिक जानकारी एवं तकनीकी नवाचारों से जोड़ना तथा उनकी आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान ऊंटनी के दूध से विविध मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार करने की संभावनाओं ने उनका विशेष ध्यान आकर्षित किया। इस गतिविधि का उद्देश्य उन्हें ऊंटनी के दूध के बेहतर उपयोग तथा इससे आय के नए अवसर विकसित करने के प्रति प्रोत्साहित करना रहा।

केंद्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. प्रियंका गौतम, केंद्र की वैज्ञानिकों डॉ. स्वागतिका प्रियदर्शिनी एवं डॉ. अरुणा कुनियाल ने भी अपनी बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761554 Articles

Share this story