अमृत भारत योजना के तहत दौसा रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं में हुआ विस्तार

WhatsApp Channel Join Now
अमृत भारत योजना के तहत दौसा रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं में हुआ विस्तार


जयपुर, 03 अप्रैल (हि.स.)।

राजस्थान के दौसा जिले में स्थित दौसा रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि इस परियोजना के तहत स्टेशन को आधुनिक और यात्री-अनुकूल स्वरूप दिया गया है।

दिल्ली-अहमदाबाद रेल मार्ग पर जयपुर से लगभग 60 किलोमीटर दूरी पर स्थित यह स्टेशन ऐतिहासिक महत्व भी रखता है। ब्रिटिश काल में विकसित यह स्टेशन व्यापार, शिक्षा और सैन्य आवश्यकताओं के लिए महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। वर्तमान में यहां 74 ट्रेनों का ठहराव होता है और औसतन 14,742 यात्री प्रतिदिन यहां से यात्रा करते हैं। बढ़ते यात्री भार को देखते हुए लगभग 15.17 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास किया गया है। इसके तहत स्टेशन भवन का पूर्ण नवीनीकरण किया गया, सर्कुलेटिंग एरिया विकसित किया गया तथा प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार बनाए गए हैं। स्टेशन भवन में पोर्च का निर्माण भी किया गया है। स्टेशन के अंदर और प्रतीक्षालयों में भारतीय कला, संस्कृति और विरासत को दर्शाते चित्र लगाए गए हैं। दोपहिया और चौपहिया वाहनों के लिए पृथक पार्किंग की व्यवस्था की गई है। लगभग 4.10 करोड़ रुपये की लागत से ऊपरी पैदल पुल (एफओबी) का निर्माण किया गया है, जिसमें रैंप और कवरिंग शेड की सुविधा भी शामिल है।

यात्रियों के लिए नए प्रतीक्षालय बनाए गए हैं तथा शौचालयों का आधुनिक सुविधाओं के साथ नवीनीकरण किया गया है। दिव्यांगजनों के लिए हेल्प बूथ, रैंप, विशेष शौचालय, वाटर बूथ, साइनेंज और अलग पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा 1.08 करोड़ रुपये की लागत से दो लिफ्ट भी स्थापित की गई हैं। स्टेशन पर ट्रेन सूचना बोर्ड और कोच इंडिकेशन बोर्ड लगाए गए हैं, वहीं सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। जल संरक्षण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग और वाटर रीसाइक्लिंग प्लांट तथा ऊर्जा संरक्षण के लिए सोलर पावर से संबंधित कार्य भी किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story