अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत धौलपुर स्टेशन का हो रहा कायाकल्प

WhatsApp Channel Join Now
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत धौलपुर स्टेशन का हो रहा कायाकल्प


धौलपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल के तहत आने वाले धौलपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकास एवं आधुनिकीकरण का कार्य प्रगति पर है। इस कवायद में यात्रियों की सुविधा, संरक्षा एवं अधोसंरचना के विकास से संबंधित विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। लगभग 30.79 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन को आधुनिक, सुविधाजनक एवं दिव्यांगजन अनुकूल बनाया जा रहा है। स्टेशन भवन का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है, जबकि फुट ओवर ब्रिज एवं लिफ्ट का कार्य प्रगति पर है।

आगरा मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने बताया कि धौलपुर स्टेशन पर लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से 12 मीटर चौड़े फीट बोवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है, जो 01 से 05 प्लेटफॉर्मों को आपस में जोड़ेगा। इससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में आसानी होगी और रेलवे ट्रैक पार करने की आवश्यकता नहीं रहेगी। इसके साथ लगभग 94 लाख रुपये की लागत से लिफ्ट का निर्माण किया जा रहा है। इससे विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजन, महिलाओं, बच्चों तथा अधिक सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। भीड़भाड़ के समय यात्रियों का आवागमन भी अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित होगा।

डीआरएम गोयल ने बताया कि धौलपुर जंक्शन के नए भवन में रिटायरिंग रूम, डॉरमेट्री एवं लिफ्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, आधुनिक साइनेज, कोच पोजिशन डिस्प्ले सिस्टम, मानक रैंप, दिव्यांगजन पार्किंग, लो-हाइट टिकट बूथ, हेल्प बूथ, सीसीटीवी,दिव्यांगजन अनुकूल शौचालय एवं वाटर बूथ जैसी सुविधाओं का प्रावधान किया जा रहा है। स्टेशन पुनर्विकास के तहत 2,836 वर्गमीटर में मुख्य स्टेशन भवन की फिनिशिंग, 780 वर्गमीटर सर्कुलेटिंग एरिया, 3,172 वर्गमीटर पार्किंग तथा 2,160 वर्गमीटर प्लेटफॉर्म सरफेसिंग का कार्य किया जा रहा है। स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा एवं बेहतर मार्गदर्शन के लिए स्टेशन भवन में विभिन्न यात्री सुविधाओं से संबंधित साइनेज बोर्ड लगाए गए हैं।

पुनर्विकास के बाद यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम प्लेटफॉर्म कनेक्टिविटी, बेहतर प्रवेश-निकास, सुव्यवस्थित पार्किंग, आधुनिक प्रतीक्षालय/रिटायरिंग रूम, डोरमेट्री रूम में ठहरने की सुविधा तथा दिव्यांगजन के लिए सुगम आवागमन उपलब्ध होगा। धौलपुर स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में ऐतिहासिक रेलवे इंजन स्थापित किया गया है, जो धौलपुर की गौरवशाली रेलवे विरासत और नैरोगेज रेल इतिहास की याद दिलाता है। यह ऐतिहासिक इंजन यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र होने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भारतीय रेलवे की समृद्ध विरासत, तकनीकी विकास और धौलपुर के ऐतिहासिक रेल सफर से परिचित कराने का माध्यम भी है। धौलपुर स्टेशन के पुनर्विकास से स्थानीय यात्रियों के साथ-साथ क्षेत्र में आने-जाने वाले यात्रियों को बेहतर एवं आधुनिक यात्री अनुभव मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story