मतदान बूथों पर सियासी गर्मी, मतदाताओं ने उत्साह से किया मतदान

WhatsApp Channel Join Now
मतदान बूथों पर सियासी गर्मी, मतदाताओं ने उत्साह से किया मतदान


जयपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान के नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में बुधवार को मतदान के दौरान कई जगह राजनीतिक तनातनी और विवाद सामने आए। फर्जी मतदान के आरोप, बूथ पर प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच झड़प और जनप्रतिनिधियों की अधिकारियों से बहस ने चुनावी माहौल को गरमा दिया। हालांकि इन घटनाओं के बीच मतदाताओं ने उत्साह दिखाते हुए मतदान किया और शाम 6 बजे तक कुल 72.09 प्रतिशत मतदान हुआ।

बीकानेर नगर निगम के वार्ड 45 में रबर फैक्ट्री के पास बूथ संख्या 95 पर भाजपा विधायक जेठानंद व्यास और बूथ अधिकारी शिशुपाल सिंह के बीच बहस हो गई। विधायक मतदान केंद्र पर पहुंचे तो बूथ अधिकारी ने उन्हें तत्काल बाहर जाने और बूथ से 200 मीटर की दूरी बनाए रखने को कहा। इसके बाद बूथ के बाहर मौजूद लोग भी आक्रोशित हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी। विधायक ने पूरे मामले की शिकायत जिला कलेक्टर से की। उनका कहना था कि वे बूथ का निरीक्षण करने पहुंचे थे और इसी दौरान अधिकारी ने उनसे कथित तौर पर आपत्तिजनक लहजे में बात की।

कोटपूतली-बहरोड़ जिले के शाहपुरा नगर परिषद के वार्ड 23 के मतदान केंद्र पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता फर्जी मतदान के आरोप को लेकर आमने-सामने हो गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में भिड़ंत हो गई। घटना में तीन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई। सीकर जिले के फतेहपुर में वार्ड 14 में कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच चुनावी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच पत्थरबाजी हुई, जिसमें दो लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजपाल सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली।

झुंझुनूं नगर परिषद के वार्ड 35 में माकपा प्रत्याशी महिपाल पूनियां ने मतदान केंद्र के गेट पर तैनात पुलिसकर्मी पर फर्जी मतदान कराने में सहयोग का आरोप लगाया। इसके बाद उनके समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने पूनियां को समझाने और गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने विरोध किया। मामला बढ़ता देख वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश के बाद स्थिति शांत कराई।

डीडवाना के वार्ड 11 के मतदान केंद्र पर परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे निर्दलीय विधायक यूनुस खान के साथ धक्का-मुक्की की घटना सामने आई। उनके रिश्तेदारों ने कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थकों पर मतदाता पहचान पत्र छीनने का आरोप लगाया।

नागौर के खत्रीपुरा क्षेत्र में वार्ड 51 और 48 में फर्जी मतदान के आरोपों के बाद दो पक्षों में मारपीट और पथराव हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दो लोगों को हिरासत में लिया।

जालोर के वार्ड 34 स्थित मतदान केंद्र पर एक व्यक्ति के फर्जी वोट डालने पहुंचने की जानकारी सामने आई। उसे मतदान केंद्र से बाहर निकाला गया। बाहर निकलने के दौरान वह भागने लगा तो प्रत्याशियों और समर्थकों ने उसे पकड़ लिया।

विवादों के बावजूद कई छोटे निकायों में मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला।

प्रतापगढ़ के अरनोद में सर्वाधिक 91.98% मतदान हुआ। भीलवाड़ा के बिगोद में 91.49%, धौलपुर के सैंपऊ में 90.77% और डीग के पहाड़ी में 90.32% मतदान हुआ। दूसरी ओर चित्तौड़गढ़ नगर परिषद में सबसे कम 61.49%, भीलवाड़ा नगर निगम में 62.71% और अलवर नगर निगम में 64.60% मतदान रहा।

पहले चरण में 57 लाख से अधिक मतदाताओं ने 20 हजार से ज्यादा प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद कर दिया है। अब 11 सितंबर को दूसरे चरण का मतदान होगा और 14 सितंबर को मतगणना के साथ चुनावी दावों और समीकरणों का असली हिसाब सामने आएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story