अमरपुरा बांध के अधिशेष जल से बढ़ सकता है कमांड एरिया

WhatsApp Channel Join Now
अमरपुरा बांध के अधिशेष जल से बढ़ सकता है कमांड एरिया


जयपुर, 04 फ़रवरी (हि.स.)। चौरासी विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई को लेकर नई उम्मीद जगी है। जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत ने बुधवार को विधानसभा में संकेत दिए कि अमरपुरा बांध में उपलब्ध अधिशेष जल और नहरों की जल परिवहन क्षमता को देखते हुए अतिरिक्त कमांड क्षेत्र के विकास पर निर्णय किया जाएगा।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक अनिल कुमार कटारा के पूरक प्रश्नों का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि यह निर्णय गुणावगुण के आधार पर लिया जाएगा, जिसमें जल उपलब्धता, निर्मित नहरों की क्षमता और उनकी उपादेयता को प्रमुखता दी जाएगी।

मंत्री ने बताया कि यदि सोलर आधारित लिफ्ट सिंचाई परियोजना के लिए उपयुक्त स्थान का चयन होता है और वहां जल उपलब्धता अनुकूल पाई जाती है, तो विभाग द्वारा इसका प्रस्ताव जनजाति विकास विभाग को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।

इससे पहले विधायक के मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में जल संसाधन मंत्री ने साफ किया कि वर्तमान में चौरासी विधानसभा क्षेत्र में विभाग द्वारा कोई भी लिफ्ट सिंचाई परियोजना संचालित नहीं की जा रही है। उन्होंने बताया कि भेका नाका बांध और वारंदा बांध में जल उपलब्धता संतोषजनक होने के कारण अमरपुरा बांध से लिफ्ट द्वारा पानी पहुंचाने का प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।

मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि हेटकी (डेटकी) बांध और पीठ भंडारी बांध स्थानीय तालाब होने के कारण इनमें अलग से जल भराव के लिए पृथक लिफ्ट योजना पर कोई विचार नहीं किया जा रहा है।

चौरासी क्षेत्र में सिंचाई विस्तार को लेकर सरकार जल्दबाजी नहीं, बल्कि जल उपलब्धता और तकनीकी व्यवहार्यता के संतुलन के साथ फैसला लेगी, जिससे संसाधनों का सही उपयोग और किसानों को दीर्घकालिक लाभ मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story