राजस्थान में जंगलराज से जनता सहमी, प्रदेश को तुरंत फुल-टाइम गृह मंत्री मिले: टीकाराम जूली

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में जंगलराज से जनता सहमी, प्रदेश को तुरंत फुल-टाइम गृह मंत्री मिले: टीकाराम जूली


जयपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोमवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित किए जाने के बाद जूली ने कहा कि अब केवल समीक्षा बैठकों और भाषणों से काम नहीं चलेगा, बल्कि जनता को धरातल पर परिणाम चाहिए।

जूली ने कहा कि राजस्थान को तत्काल एक पूर्णकालिक गृह मंत्री की आवश्यकता है। उनका आरोप था कि मुख्यमंत्री के पास गृह विभाग के लिए पर्याप्त समय नहीं है, जिससे पुलिस व्यवस्था कमजोर हुई है और अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने जयपुर में हाल ही में एक क्लब में हुई हत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि रात तीन बजे तक चल रही पार्टी में एक युवक की हत्या हो गई, जबकि वहां भरतपुर से फरार बताए जा रहे कैदी भी मौजूद थे। उन्होंने सवाल उठाया कि राजधानी में इस तरह की घटनाएं पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

जूली ने कहा कि केवल जयपुर ही नहीं, बल्कि अलवर, भरतपुर और अन्य जिलों में भी लगातार गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने श्रीगंगानगर में एक बालिका के साथ हुई घटना का उल्लेख करते हुए महिला सुरक्षा को लेकर सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।

नेता प्रतिपक्ष ने मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए दावा किया कि जनवरी से जून के बीच जयपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में 50 हत्याएं हुई हैं। उनका कहना था कि यदि राजधानी की यह स्थिति है तो अन्य जिलों में कानून व्यवस्था की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।

उन्होंने सरकार से कानून व्यवस्था को प्राथमिकता देने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण करने तथा प्रदेश में पूर्णकालिक गृह मंत्री की नियुक्ति करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

Share this story