वन मंत्री संजय शर्मा ने किया 7 फरवरी 2027 को होने वाली अलवर टाइगर मैराथन की वेबसाइट का लोकार्पण
अलवर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा एवं नगर निगम महापौर सुमनलता अग्रवाल ने रविवार की शाम 7 फरवरी को 2027 को आयोजित होने वाली अलवर टाइगर मैराथन की आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण किया। इस दौरान नगर परिषद भिवाडी की सभापति गुंजन खटाना ने अलवर टाइगर मैराथन का वीडियो लॉन्च किया।
वन मंत्री शर्मा ने कहा कि केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव के नेतृत्व में अलवर के चहुंमुखी विकास को निरन्तर गति प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि अलवर संसदीय क्षेत्र के बालक-बालिकाओं को गुणवत्तायुक्त शिक्षा मिले एवं उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को मजबूती मिल सके उद्देश्य से जिले के चहुंमुखी विकास के साथ-साथ 100 से अधिक ई-लाइब्रेरियों की स्थापना कर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के दूर-दराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सौगात दी है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल मंच मिलने के साथ उनको अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करने हेतु अलवर सांसद खेल उत्सव शुरू किया है।
उन्होंने कहा कि विगत वर्ष आयोजित अंतर्राष्ट्रीय स्तर की अलवर टाइगर मैराथन 22 हजार से अधिक धावकों ने भाग लिया, जिससे अलवर को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सकी। उन्होंने कहा कि 7 फरवरी 2027 को अलवर टाइगर मैराथन का आयोजन होगा इसके लिए लिए आज टाइगर मैराथन की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की गई, जिसमें अधिक से अधिक युवा भाग लेकर इसे सफल बनाने में सहयोग करें। उन्होंने अलवर टाइगर मैराथन के अवसर पर राजस्थान वन विभाग की ओर से 6 फरवरी 2027 को अलवर बर्ड फेस्टिवल का आयोजन करने की घोषणा करते हुए कहा कि वन विभाग द्वारा जयपुर टाइगर फेस्टिवल की तर्ज पर 6 से 8 फरवरी तक अलवर टाइगर फेस्टिवल मनाया जाएगा तथा 6 व 7 फरवरी को मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने शहर के प्रबुद्ध व्यक्तियों एवं आमजन से शहर को स्वच्छ व सुन्दर बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
महापौर अग्रवाल ने कहा कि खेलों के माध्यम से ही शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के मजबूती मिल सकती है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वन मंत्री की प्रेरणा से आयोजित अलवर टाइगर मैराथन खिलाडियों को उनकी प्रतिभा दिखाने का जरिया बना है। उन्होंने अलवर शहर के लिए अलवर टाइगर मैराथन का प्लेटफार्म देने के लिए केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र सांसद का आभार जताते हुए कहा कि विगत वर्ष आयोजित अंतर्राष्ट्रीय स्तर की अलवर टाइगर मैराथन की बदौलत ही अलवर विश्व पटल पर उभर कर आया, अब हम सबकी जिम्मेदारी की शहर की स्वच्छता को और अधिक सुदृढ कर स्वच्छता में भी अलवर को शीर्ष पर लेकर जाएं। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि 7 फरवरी को आयोजित होने वाले अलवर टाइगर मैराथन में ज्याजा से ज्यादा रजिस्ट्रेशन करें।
इस दौरान सरस डेयरी के चेयरमेन नितिन सांगवान, उप महापौर अजय पुनिया, नगर परिषद भिवाडी की सभापति गुंजन खटाना, जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, क्रय-विक्रय समिति एवं सहकारिता बैंक के अध्यक्ष संजय नरूका, निवर्तमान जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, अलवर टाइगर मैराथन के संयोजक अरुण जैन, लक्ष्मी नारायण गुप्ता, अजय अग्रवाल सहित प्रबुद्ध व्यक्ति मौजूद रहे। ----------------------------------------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

