अलवर में संतों की निकली शाही सवारी, नागा साधुओं के करतबों ने खींचा लोगों का ध्यान

WhatsApp Channel Join Now
अलवर में संतों की निकली शाही सवारी, नागा साधुओं के करतबों ने खींचा लोगों का ध्यान


अलवर में संतों की निकली शाही सवारी, नागा साधुओं के करतबों ने खींचा लोगों का ध्यान


अलवर में संतों की निकली शाही सवारी, नागा साधुओं के करतबों ने खींचा लोगों का ध्यान


अलवर, 24 अगस्त (हि.स.)। गणपति विहार तिजारा ओवरब्रिज के पास स्थित शक्ति शिव सेवक योग साधना आश्रम में दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन को लेकर आश्रम को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और परिसर सहित आसपास के क्षेत्र में रोशनी की गई है। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया।

सोमवार सुबह आश्रम से संतों की शाही सवारी निकाली गई। सवारी में ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच घोड़े, रथ और संतों की टोली आकर्षण का केंद्र रही। राजस्थान के साथ पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से आए संत शाही सवारी में शामिल हुए।

नागा साधुओं ने दिखाए हैरतअंगेज करतब

शाही सवारी में नागा साधु भी शामिल रहे। सवारी के दौरान नागा साधुओं ने अपने पारंपरिक और हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया, जिन्हें देखने के लिए सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। साधुओं के करतब देखकर लोग दंग रह गए और श्रद्धालुओं ने धार्मिक माहौल में जयकारे लगाए।

इन मार्गों से होकर गुजरी शाही सवारी

संतों की शाही सवारी तिजारा रोड से जेल सर्किल, अंबेडकर सर्किल, भगत सिंह सर्किल, अग्रसेन ओवरब्रिज के नीचे से एरोड्रम रोड, राजकीय कला महाविद्यालय और तिजारा रोड होते हुए वापस आश्रम पहुंची।

रामचरितमानस पाठ का समापन, हुआ भंडारा

सुबह आश्रम में चल रहे रामचरितमानस पाठ का समापन हुआ। इसके बाद विधि-विधान से हवन किया गया। दोपहर बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

रात 9 बजे होगा शिवजी का ब्यावला

पंचदशनाम आवाहन अखाड़ा के अलवर प्रभारी एवं आश्रम संचालक अनूप गिरी महाराज ने बताया कि सोमवार रात 9 बजे शिवजी का ब्यावला आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही संतों के प्रवचन भी होंगे।

धार्मिक आयोजन के चलते आश्रम और आसपास का क्षेत्र भक्तिमय माहौल में नजर आया। शाही सवारी में शामिल संतों के दर्शन के लिए मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालु मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

Share this story