अलवर में शुरू हुआ ‘अलवर संपदा’ वेब पोर्टल, 10 लाख से अधिक के विकास कार्यों की होगी रियल टाइम मॉनिटरिंग

WhatsApp Channel Join Now
अलवर में शुरू हुआ ‘अलवर संपदा’ वेब पोर्टल, 10 लाख से अधिक के विकास कार्यों की होगी रियल टाइम मॉनिटरिंग


अलवर , 16 नवंबर (हि.स.)। जिले में विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन ने नई पहल की है। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देशन में जिला प्रशासन के नवाचार ‘अलवर संपदा’ वेब पोर्टल का प्रशिक्षण कार्यक्रम रविवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया।

इस वेब पोर्टल के माध्यम से जिले में 10 लाख रुपये से अधिक लागत वाले विकास एवं इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सकेगी। साथ ही आमजन भी विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे।

जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि जिला प्रशासन की इस पहल के तहत सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा ‘अलवर संपदा’ वेब पोर्टल तैयार किया गया है। इस पोर्टल पर जिले के सभी विभागों को 10 लाख रुपये से अधिक लागत वाले बजट घोषणाओं एवं अन्य विकास कार्यों का विवरण दर्ज करना होगा।

इससे विकास कार्यों की नियमित निगरानी के साथ उनकी समयबद्ध क्रियान्विति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। पोर्टल के माध्यम से प्रशासन को कार्यों की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिलेगी, वहीं आमजन भी विकास कार्यों की रियल टाइम प्रगति देख सकेंगे।

प्रशिक्षण के दौरान सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग की एसीपी नीतू बसवाल ने अधिकारियों एवं उनके अधीनस्थ कर्मचारियों को पोर्टल के संचालन और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पोर्टल पर प्रत्येक विकास कार्य से संबंधित कार्य का नाम, स्थान, संबंधित विभाग, प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति की तिथि, कार्यादेश जारी होने की तिथि, कार्य पूर्ण होने की अनुमानित तिथि, संबंधित विभागीय अधिकारी का नाम, ठेकेदार का नाम, कार्यादेश राशि और कार्यकारी एजेंसी सहित अन्य आवश्यक जानकारियां दर्ज करनी होंगी।

इन जानकारियों के आधार पर प्रशासन विकास कार्यों की प्रगति पर नजर रख सकेगा और कार्यों में होने वाली देरी एवं अन्य समस्याओं की पहचान कर सकेगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता भूरी सिंह, डीओआईटी की एसीपी नीतू बसवाल, सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र शर्मा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेश गुप्ता, जेवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता जे.पी. बैरवा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अधीनस्थ कार्मिक उपस्थित रहे।

‘अलवर संपदा’ पोर्टल को जिले में विकास कार्यों की निगरानी, पारदर्शिता और प्रशासनिक जवाबदेही मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778107 Articles

Share this story