बड़ौदामेव में थाने के सामने युवक की हत्या, सिर पर पत्थर मारकर वारदात, आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
बड़ौदामेव में थाने के सामने युवक की हत्या, सिर पर पत्थर मारकर वारदात, आरोपित गिरफ्तार


अलवर , 24 सितंबर (हि.स.)। जिले के बड़ौदामेव कस्बे में गुरुवार सुबह दिनदहाड़े एक युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। करीब 42 वर्षीय सैकुल खान पुत्र नसरू निवासी बड़ाबास बुटोली सुबह करीब 9:30 बजे घर का सामान लेने बड़ौदामेव आया था। इसी दौरान थाने के सामने आरोपित ने उसके सिर पर पत्थर से हमला कर दिया गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। पुलिस ने मामले में एक आरोपित को पकड़ लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हालांकि बताया यह भी जा रहा है आरोपित मानसिक विक्षिप्त है लेकिन अभी अधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के बाद शव को अलवर के सामान्य चिकित्सालय के पोस्टमार्टम कक्ष में रखवाया गया है। वहीं मृतक के परिजन और समाज के लोग अस्पताल के गेट के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। तो घटनास्थल पर भी थाने के सामने बड़ी संख्या में समाज के लोग धरना प्रदर्शन कर रहे है।

कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष एम डी साहून ने बताया कि थाने के सामने हुई घटना ने झकझोर दिया है। सामाजिक मांग है कि हत्या के आरोपित को फांसी की सजा दी जाए। इसके अलावा पीड़ित परिवार को मुआवजा, परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी सहित अन्य मांगें रखी गई हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा और शव का पोस्टमार्टम भी नहीं करवाया जाएगा।

परिजनों के अनुसार सैकुल खान के तीन बच्चे हैं। अचानक हुई इस हत्या के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं दिनदहाड़े थाने के सामने हुई वारदात को लेकर पूरे अलवर जिले में चर्चा है।

अस्पताल गेट पर चल रहे धरना-प्रदर्शन में मेव पंचायत के संरक्षक शेर मोहम्मद, कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष एमडी साहून, फखरुद्दीन, जाकिर खान, उमरदीन, रमन सैनी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई तथा परिवार की मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और आगे की कार्रवाई को लेकर प्रशासन की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। मौके पर पुलिसकर्मी तैनात है। हालांकि अभी पुलिस और प्रशासन का कोई बड़ा अधिकारी मौके पर बातचीत के लिए नहीं पहुंचा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

Share this story