अलवर में 22 को जिला परिषद और 6 पंचायत समितियों के लिए होगा मतदान

WhatsApp Channel Join Now
अलवर में 22 को जिला परिषद और 6 पंचायत समितियों के लिए होगा मतदान


अलवर में 22 को जिला परिषद और 6 पंचायत समितियों के लिए होगा मतदान


अलवर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के तहत अलवर जिले में प्रथम चरण के मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित बाबू शोभाराम राजकीय कला महाविद्यालय परिसर से 651 मतदान दलों को मतदान सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और मतपेटियों के साथ निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर्तिका शुक्ला ने मतदान दलों के कार्मिकों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए।

प्रथम चरण में जिले की छह पंचायत समितियों कठूमर, रैणी, गोविंदगढ़, खेड़ली-सौंखर, रामगढ़ और मुबारिकपुर में जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 22 अक्टूबर को मतदान होगा। वहीं, संबंधित 205 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए 24 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि प्रथम चरण में जिला परिषद के 19 निर्वाचन क्षेत्रों और छह पंचायत समितियों के 112 निर्वाचन क्षेत्रों में 22 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद 24 अक्टूबर को संबंधित 205 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा।

उन्होंने मतदान दलों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और भयमुक्त बनाए रखने के लिए जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिसकर्मियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों की व्यवस्था की गई है। चुनाव को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने के निर्देश भी दिए गए। जिले में प्रथम चरण के चुनाव में कुल 5,58,434 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 2,95,421 पुरुष, 2,63,010 महिलाएं और 3 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

प्रथम चरण में जिला परिषद और छह पंचायत समितियों के सदस्य पदों के निर्वाचन में कुल 497 अभ्यर्थी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। निर्वाचन क्षेत्रों के अनुसार अभ्यर्थियों का विवरण इस प्रकार है:

- जिला परिषद अलवर: 19 वार्डों में 60 अभ्यर्थी

- पंचायत समिति कठूमर: 23 वार्डों में 119 अभ्यर्थी

- पंचायत समिति रैणी: 27 वार्डों में 111 अभ्यर्थी, जबकि एक अभ्यर्थी निर्विरोध निर्वाचित

- पंचायत समिति रामगढ़: 17 वार्डों में 59 अभ्यर्थी

- पंचायत समिति गोविंदगढ़: 15 वार्डों में 59 अभ्यर्थी

- पंचायत समिति खेड़ली-सौंखर: 15 वार्डों में 52 अभ्यर्थी

- पंचायत समिति मुबारिकपुर: 15 वार्डों में 37 अभ्यर्थी

मतदान प्रक्रिया के लिए नियुक्त 651 मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण देने के बाद मतदान सामग्री के साथ रवाना किया गया। इनमें रामगढ़ के लिए 93, कठूमर के लिए 135, खेड़ली-सौंखर के लिए 74, गोविंदगढ़ के लिए 93, मुबारिकपुर के लिए 82 और रैणी के लिए 174 मतदान दल शामिल हैं।

मतदान दलों की रवानगी के दौरान चुनाव पर्यवेक्षक राकेश राजोरिया भी मौजूद रहे। उन्होंने मतदान दलों की रवानगी व्यवस्था का जायजा लिया और ईवीएम स्ट्रांग रूम तथा मतपेटियों का निरीक्षण किया।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी योगेश डागुर, एडीएम द्वितीय बीना महावर, एडीएम शहर अंबालाल मीणा, ओएसडी चुनाव अदिति वार्ष्णेय, भूमि अवाप्ति अधिकारी जितेंद्र सिंह नरूका सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

अलवर जिले में प्रथम चरण के मतदान के लिए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। अब 22 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764623 Articles

Share this story