अलवर में निकाय चुनाव के बाद सियासी घमासान, टीकाराम जूली बोले- केंद्रीय और राज्य मंत्री के इशारे पर लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई जा रहीं

WhatsApp Channel Join Now
अलवर में निकाय चुनाव के बाद सियासी घमासान, टीकाराम जूली बोले- केंद्रीय और राज्य मंत्री के इशारे पर लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई जा रहीं


अलवर, 14 सितंबर (हि.स.)। नगर निकाय चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद अलवर की सियासत में घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस के निर्वाचित पार्षदों को कथित तौर पर पुलिस द्वारा उठाए जाने और बाड़ेबंदी को लेकर नेता प्रतिपक्ष एवं अलवर ग्रामीण विधायक टीकाराम जूली सोमवार को कांग्रेस के विजयी पार्षदों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

जूली ने आरोप लगाया कि केंद्रीय और राज्य मंत्री के इशारे पर अलवर में लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव के बाद पुलिस और प्रशासन भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

टीकाराम जूली ने कहा कि यदि भाजपा को बोर्ड बनाने के लिए पार्षदों की जरूरत है तो कांग्रेस के पार्षदों को जबरन उठाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद अपने पार्षदों को लेकर एसपी कार्यालय आई है।

जूली ने तीखे अंदाज में कहा कि “मुख्यमंत्री जी, आपको कितने पार्षद चाहिए, हम दे देंगे, लेकिन लोकतंत्र की हत्या मत कीजिए।”

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पूर्ण बहुमत हासिल नहीं कर पाने के कारण सत्ता के दबाव का इस्तेमाल कर नगर निगम में बोर्ड बनाने की कोशिश कर रही है। जूली के मुताबिक जनता ने भाजपा को स्पष्ट बहुमत नहीं दिया है, इसलिए चुनावी जनादेश का सम्मान किया जाना चाहिए।

जूली ने अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 से जुड़ी एक घटना का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मालाखेड़ा और नौगांवा थाने के थानाधिकारियों ने कांग्रेस की महिला प्रत्याशी को जबरन गाड़ी में बैठाया।

जूली ने कहा कि इस मामले को लेकर पुलिस महानिदेशक से बातचीत की जाएगी और संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी महिला प्रत्याशी या निर्वाचित जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा।

नेता प्रतिपक्ष ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस को अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए, लेकिन अलवर में राजनीतिक दबाव के चलते पार्षदों को पकड़ने का काम किया जा रहा है।

उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस कार्यकर्ता किसी दबाव से डरने वाले नहीं हैं और लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध किया जाएगा।

टीकाराम जूली ने दावा किया कि अलवर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के निर्वाचित पार्षद एकजुट हैं और किसी भी दबाव में नहीं आएंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी। यदि निर्वाचित पार्षदों पर दबाव बनाने की कोशिश हुई तो पार्टी सड़क से लेकर संवैधानिक संस्थाओं तक इसका विरोध करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

Share this story