अलवर अस्पताल हादसा: सरकार ने मांगी रिपोर्ट, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
अलवर अस्पताल हादसा: सरकार ने मांगी रिपोर्ट, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश


अलवर अस्पताल हादसा: सरकार ने मांगी रिपोर्ट, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश


अलवर, 06 जुलाई (हि.स.)। काला कुआं स्थित राजकीय सैटेलाइट चिकित्सालय में छत का प्लास्टर गिरने की घटना को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है। प्रमुख शासन सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) गायत्री राठौड़ ने जिला कलेक्टर से तथ्यात्मक रिपोर्ट तलब की है। साथ ही, सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अतिरिक्त मुख्य सचिव को भवन की शीघ्र मरम्मत कराने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अस्पताल प्रशासन ने भवन की जर्जर स्थिति को लेकर सात बार पीडब्ल्यूडी को पत्र लिखे थे, लेकिन समय पर मरम्मत नहीं कराई गई। चिकित्सा विभाग की ओर से मरम्मत के लिए आवश्यक राशि का भुगतान भी पहले ही किया जा चुका था। अस्पताल प्रशासन के अनुसार प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमिला ने 4 अगस्त 2025, 25 अगस्त 2025, 4 सितंबर 2025, 24 फरवरी 2026, 18 मई 2026, 8 जून 2026 और 29 जून 2026 को अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी, अलवर को भवन की मरम्मत कराने के लिए पत्र भेजे थे। इसके बावजूद आवश्यक कार्य नहीं कराया गया।

प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने कहा कि मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी राजकीय अस्पतालों के भवनों की नियमित समीक्षा की जाए तथा जहां भी मरम्मत या संरचनात्मक सुधार की आवश्यकता हो, वहां संबंधित विभागों के समन्वय से समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को अस्पताल के पुराने भवन में अचानक छत का प्लास्टर गिरने से एक चिकित्सक और एक महिला मरीज को हल्की चोटें आई थीं। दोनों का तत्काल उपचार किया गया और उनकी स्थिति सामान्य है। प्रारंभिक जांच के अनुसार अस्पताल भवन का निर्माण वर्ष 1990 से 2023 के बीच विभिन्न चरणों में दानदाताओं और अन्य माध्यमों से हुआ था। भवन का पुराना हिस्सा लंबे समय से जर्जर था और उसकी मरम्मत आवश्यक थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

Share this story