अलवर में रिमोट से होगा रावण दहन, 65 फीट का पुतला हंसेगा और हाथ भी हिलाएगा

WhatsApp Channel Join Now
अलवर में रिमोट से होगा रावण दहन, 65 फीट का पुतला हंसेगा और हाथ भी हिलाएगा


अलवर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। अलवर में 20 अक्टूबर को दशहरा महोत्सव आधुनिक तकनीक के साथ मनाया जाएगा। पुरुषार्थी समिति की ओर से दशहरा मैदान में आयोजित समारोह में इस बार रावण दहन रिमोट से किया जाएगा। 65 फीट ऊंचा रावण का पुतला हंसेगा और हाथ भी हिलाएगा। उसकी तलवार पर विशेष लाइटिंग की जाएगी।

समिति अध्यक्ष कुलदीप कालरा ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस बार 65 फीट ऊंचे रावण, 60 फीट ऊंचे कुंभकरण और 55 फीट ऊंचे मेघनाद के पुतले तैयार किए जा रहे हैं। इनके निर्माण के लिए आगरा से कारीगर बुलाए गए हैं। पुतलों में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है।

समारोह की शुरुआत दोपहर एक बजे पुरुषार्थी धर्मशाला से झांकियों के रवाना होने के साथ होगी। ये झांकियां शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए दशहरा मैदान पहुंचेंगी। समिति के अनुसार, झांकियों के साथ गाजियाबाद के कलाकार आतिशबाजी भी करेंगे। पुरुषार्थी धर्मशाला से दशहरा मैदान तक आतिशबाजी की व्यवस्था की जाएगी।

समिति संरक्षक राकेश अरोड़ा ने बताया कि केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा, रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह और अलवर नगर निगम की महापौर सुमनलता अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

प्रेस वार्ता में अभिषेक तनेजा, सुदर्शन अरोड़ा, रमेश जुनेजा, लीलाधर कथूरिया, दीवान चंद सेतिया, केके मदान, तिलकराज झाम, पुरुषोत्तम मनचंदा और विशाल गांधी सहित समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760327 Articles

Share this story