अलवर में कांग्रेस का दबदबा बरकरार, अनिता मीणा बनीं नई महिला जिला प्रमुख

WhatsApp Channel Join Now
अलवर में कांग्रेस का दबदबा बरकरार, अनिता मीणा बनीं नई महिला जिला प्रमुख


अलवर, 25 नवंबर (हि.स.)। अलवर जिला परिषद के जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए भाजपा को बड़ा झटका दिया है। कांग्रेस की अनिता मीणा अलवर की नई महिला जिला प्रमुख चुनी गई हैं। तमाम राजनीतिक प्रयासों और रणनीतियों के बावजूद भाजपा कांग्रेस के चक्रव्यूह को भेदने में सफल नहीं हो सकी। चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अनिता मीणा को 31 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी संतोष मीणा को महज 8 वोटों से संतोष करना पड़ा। जिला परिषद के कुल 39 वार्डों के मुकाबले आए इन नतीजों ने कांग्रेस की मजबूत स्थिति को प्रदर्शित किया है।

जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने 23 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की। नतीजों के बाद कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। इस चुनाव को भाजपा और कांग्रेस के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में देखा जा रहा था। भाजपा के लिए जिला प्रमुख का पद हासिल करना प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ था, लेकिन पार्टी तमाम कोशिशों के बावजूद अपेक्षित समर्थन जुटाने में नाकाम रही।

वहीं कांग्रेस ने अपने पार्षदों को एकजुट रखते हुए शानदार जीत दर्ज की। इस पूरे चुनाव की कमान पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और नेता प्रतिपक्ष एवं अलवर ग्रामीण विधायक टीकाराम जूली ने संभाल रखी थी। चुनावी रणनीति से लेकर पार्षदों के बीच समन्वय तक दोनों नेताओं की सक्रियता कांग्रेस के लिए अहम मानी जा रही है।

अलवर की नई जिला प्रमुख अनिता मीणा वार्ड नंबर 16 से जिला पार्षद हैं। राजगढ़ के अलैई गाँव की रहने वाली है। उनकी उम्र 43 वर्ष है और उन्होंने दसवीं तक शिक्षा प्राप्त की है। अनिता मीणा राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि को उनकी जीत का एक महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है।

अनिता मीणा के दादा ससुर हरिकिशन मीणा राजगढ़ विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रह चुके हैं। वहीं उनके पति राहुल मीणा भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। मीणा की छात्र राजनीति से ही कांग्रेस में सक्रियता रही है।

राजनीतिक विरासत और संगठन से जुड़ाव उनके लिए मजबूत पक्ष रहे हैं। खास बात यह है कि अनिता मीणा ने पहली बार जिला परिषद का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। अब जिला प्रमुख की जिम्मेदारी मिलने के साथ ही उन्होंने अलवर की जिला राजनीति में एक महत्वपूर्ण मुकाम हासिल कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782993 Articles

Share this story