अलवर कलक्टर ने किया जल संरक्षण के कार्यों, फूड स्ट्रीट एवं एनकेप फण्ड से कराए जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण
अलवर, 08 अप्रैल (हि.स.)। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बुधवार को नगर निगम की टीम के साथ जल संचय जन भागीदारी अभियान के तहत नगर निगम कराए जा रहे भूरा सिद्ध, भाखेड़ा व जरखा वाला एनीकट निर्माण कार्यों एवं अग्रसेन सर्किल के पास बन रही फूड स्ट्रीट तथा इसी स्थान पर एनकेप के तहत कराये जा रहे इंटरलॉकिंग टाइल्स, पौधरोपण एवं सड़क निर्माण कार्यों का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
कलक्टर ने एनीकट निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिये कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए इन्हें समयबद्धता से पूर्ण कराएं, जिससे वर्षाऋतु के दौरान जल का संचयन होने के साथ भू-जल स्तर में वृद्धि हो सके। उन्होंने निर्देश दिये कि शहर में आवश्यकतानुसार स्थानों का चिन्हिकरण कर जल संचयन की संरचनाओं का निर्माण कराया जाए। उन्होंने नगर निगम आयुक्त से कहा कि पानी के संरक्षण के लिए आमजन को प्रोत्साहित कर रूफटॉप वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर बनवाये जाएं।
इसके उपरान्त कलक्टर ने अग्रसेन सर्किल के पास बन रही फूड स्ट्रीट कार्य का निरीक्षण कर फूड स्ट्रीट पर आवंटियों से स्टॉल चालू कराने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देश दिये कि यहां किसी भी प्रकार गंदगी ना हो इसके लिए कचरे के उपयुक्त प्रबंधन हेतु गीला एवं सूखा कचरा पृथक्करण कराकर डस्टबिन का उपयोग करने के लिए पाबंद करें। उन्होंने निर्देश दिये कि यहां पर एनकेप के तहत कराये जा रहे इंटरलॉकिंग टाइल्स एवं सड़क निर्माण कार्यों को यथाशीघ्र पूर्ण करावे, जिससे यहां के सौन्दयकरण में वृद्धि हो सके। उन्होंने यहां पर्यावरण संरक्षण हेतु चिन्हित स्थानों पर एनकेप के तहत कराए जा रहे पौधरोपण कार्य का अवलोकन कर निर्देश दिये कि शहर में चिन्हित स्थानों पर ग्रीनरी का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित करावे।
इस दौरान नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, प्रशिक्षु आईएएस ऐश्वर्यम प्रजापति सहित नगर निगम एवं अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

