अलवर कलक्टर ने कठूमर व लक्ष्मणगढ़ का किया दौरा, ग्रामीण सेवा शिविर और पीएम श्री विद्यालय का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
अलवर कलक्टर ने कठूमर व लक्ष्मणगढ़ का किया दौरा, ग्रामीण सेवा शिविर और पीएम श्री विद्यालय का लिया जायजा


अलवर कलक्टर ने कठूमर व लक्ष्मणगढ़ का किया दौरा, ग्रामीण सेवा शिविर और पीएम श्री विद्यालय का लिया जायजा


अलवर कलक्टर ने कठूमर व लक्ष्मणगढ़ का किया दौरा, ग्रामीण सेवा शिविर और पीएम श्री विद्यालय का लिया जायजा


अलवर, 14 जुलाई (हि.स.)। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने सोमवार को कठूमर एवं लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र का दौरा कर ग्राम पंचायत नूरपुर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर, उपखंड अधिकारी कार्यालय कठूमर तथा पीएम श्री विद्यालय लक्ष्मणगढ़ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और शिक्षा की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत नूरपुर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान कलक्टर ने विभिन्न विभागों की स्टॉल का निरीक्षण कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले लोगों की समस्याओं का अधिकतम समाधान मौके पर ही सुनिश्चित किया जाए और पात्र लोगों को केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ सरलता से उपलब्ध कराया जाए।

ग्रामीणों से किया संवाद, योजनाओं की ली जानकारी

जिला कलक्टर ने शिविर में मौजूद ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लिया।

उन्होंने महिलाओं को राजीविका स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं किसानों से फार्म पॉण्ड, तारबंदी और रूफटॉप सोलर जैसी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

लाभार्थियों को वितरित किए स्वीकृति पत्र

शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं दस्तावेज वितरित किए गए। ग्राम नूरपुर निवासी जगराम को वर्षों से लंबित खाता विभाजन का लाभ मिला, जबकि ग्राम सलेमपुर के छगन लाल सैनी ने पॉलीहाउस और फार्म पॉण्ड निर्माण पर 16.27 लाख रुपये का अनुदान मिलने से आय बढ़ने की जानकारी साझा की।

इसके अलावा पात्र वृद्धजनों एवं विशेष योग्यजनों को राजस्थान रोडवेज के यात्रा पास भी वितरित किए गए।

उपखंड कार्यालय का निरीक्षण

उपखंड अधिकारी कार्यालय कठूमर के निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने अधिकारियों को फरियादियों की शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा ई-फाइल प्रणाली को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा।

लक्ष्मणगढ़ स्थित पीएम श्री विद्यालय के निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने बाल वाटिका, संविधान कक्ष, निर्माणाधीन साइंस प्रयोगशाला और रूफटॉप वाटर हार्वेस्टिंग का अवलोकन किया। उन्होंने आधुनिक साइंस प्रयोगशाला को शीघ्र तैयार करने, विद्यालय में नेचर गार्डन विकसित करने तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर और लर्निंग आउटकम में सुधार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी श्याम सुन्दर चेतीवाल, तहसीलदार भानू प्रताप सिंह, डीईओ माध्यमिक मनोज कुमार शर्मा, सीबीईओ चिरंजीलाल मीणा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

Share this story