अलवर के विकास को बड़ा बूस्ट: 14.40 करोड़ से बनेगा कन्वेंशन सेंटर, पर्यटन व खेल सुविधाओं का होगा विस्तार

WhatsApp Channel Join Now
अलवर के विकास को बड़ा बूस्ट: 14.40 करोड़ से बनेगा कन्वेंशन सेंटर, पर्यटन व खेल सुविधाओं का होगा विस्तार


अलवर, 05 मार्च (हि.स.)। अलवर शहर में आधारभूत सुविधाओं और पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के तहत करीब 14 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों को मंजूरी दी है। इन कार्यों में कन्वेंशन सेंटर का निर्माण, पर्यटन स्थलों का विकास तथा खेल सुविधाओं का विस्तार शामिल है।

जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि जिला प्रशासन की अनुशंसा पर राज्य सरकार ने इन विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है। इस योजना के तहत 9 करोड़ 70 लाख रुपये राज्य सरकार तथा 4 करोड़ 70 लाख रुपये नगर विकास न्यास (यूआईटी) द्वारा खर्च किए जाएंगे।

पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लालडिग्गी क्षेत्र में करीब 3 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से आकर्षक म्यूजिकल फाउंटेन साउंड शो, विद्युतीकरण, प्लास्टर व आकर्षक पेंटिंग, सुलभ शौचालय, पार्किंग, बैठने की व्यवस्था, फूड कोर्ट और केनोपी जैसे विकास कार्य कराए जाएंगे। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

शहर के बुध विहार क्षेत्र में करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 10 हजार वर्गमीटर भूमि पर आधुनिक कन्वेंशन सेंटर का निर्माण कराया जाएगा। इस सेंटर का उपयोग बैठक, सम्मेलन, कार्यशाला और प्रदर्शनी जैसे आयोजनों के लिए किया जा सकेगा, जिससे शहर को एक आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी।

युवा वर्ग को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हसन खां मेवाती नगर में करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर बैडमिंटन हॉल, वॉलीबॉल कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट, लॉन टेनिस कोर्ट और पिकल बॉल कोर्ट का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही विद्युतीकरण सहित अन्य आवश्यक विकास कार्य भी किए जाएंगे।

जिला प्रशासन का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से शहर में पर्यटन, खेल और सामाजिक गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलेगा तथा आमजन को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

Share this story