221 करोड़ की सौगात: अलवर में कैमरे, पार्किंग और नई सड़कें

WhatsApp Channel Join Now
221 करोड़ की सौगात: अलवर में कैमरे, पार्किंग और नई सड़कें


अलवर, 27 मार्च (हि.स.)। जिला कलक्टर एवं नगर विकास न्यास की अध्यक्ष डॉ. आर्तिका शुक्ला की अध्यक्षता में आज नगर विकास न्यास की 315वीं बैठक आयोजित हुई, जिसमें वर्ष 2026-27 के आय-व्यय अनुमानों में 310 करोड रूपये के व्यय प्रावधानों का अनुमोदन किया गया तथा अलवर शहर के विकास कार्यों के लिए लगभग 221 करोड रूपये के विकास कार्यों को कराए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई।

जिला कलक्टर ने नगर विकास न्यास के वर्ष 2026-27 के आय-व्यय अनुमानों में 310 करोड रूपये के व्यय प्रावधानों का अनुमोदन किया तथा अलवर के बहुआयामी विकास, खेल सुविधाओं के विस्तार, सडक तंत्र के मजबूतीकरण एवं सीवरेज समस्या को मध्यनजर रखते हुए लगभग 221 करोड रूपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए, जिसमें अपराधों की रोकथाम व शहर की यातायात व्यवस्था की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए शहर में 92.80 लाख रूपये की लागत से 10 स्थानों पर 20 ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉग्नेशन कैमरे (एएनपीआर) लगाए जाने के कार्य की स्वीकृति प्रदान की। साथ ही उन्होंने 200 फीट बाईपास तिजारा रोड एवं दिल्ली रोड पर बरसाती नाला निर्माण व ड्रेनेज कार्य, विज्ञान नगर व शालीमार नगर में सीवरेज लाइन एवं एसटीपी निर्माण कार्य, सागर के पास पार्क निर्माण और विकास इत्यादि कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप में पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देश दिये कि 2.71 करोड रूपये की राशि से अलवर शहर के ड्रेनेज मास्टर प्लान तैयार करावे, जिससे जल निकासी एवं नाला-नाली निर्माण कार्य सुगमता से हो सके। इसके अतिरिक्त डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजनान्तर्गत न्यास के अभिसरण से कन्वेंशन सेंटर निर्माण कार्य, खेल सुविधाओं का विस्तार, पर्यटन स्थल लालडिग्गी एवं बाला किला विकास कार्यों के लिए राशि का अनुमोदन किया।

उन्होंने यूआईटी की कातला पट्टी एवं मार्बल मार्केट के लिए बहुद्देशीय योजना की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के पश्चात ले-आउट प्लान अनुसार कार्य को पूर्ण कराने के निर्देश दिये। उन्होंने शहर की विभिन्न सडकों पर दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं यातायात को प्रबंधित करने के लिए एआई मैपिंग कराए जाने के लिए कार्यों को स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न बजट घोषणाओं के लिए भूमि आवंटन के प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की। उन्होंने यूआईटी की चारागाह अतिक्रमित भूमि का फीडबैक लेकर चारागाह भूमि में ग्रीन एरिया विकसित करने तथा अतिक्रमित भूमि को मुक्त कराकर कार्य योजना बनाकर विकसित करने के निर्देश दिये।

उन्होंने मार्केट क्षेत्र में मल्टीलेवल पार्किंग की आवश्यकता के दृष्टिगत यूआईटी के उप सचिव, पीडब्ल्यूडी एवं यूआईटी के अधीक्षण अभियन्ता की कमेटी का गठन कर मल्टीलेवल पार्किंग विकसित किए जाने के संबंध में सात दिवस में कार्य योजना रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने इसके लिए 6 माह में चालू करने की टाइमलाइन निर्धारित की। उन्होंने नगर निगम एवं यूआईटी के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के चौराहों का विस्तृत सर्वे कर उनका थीम बेस रिनोवेशन करावे। उन्होंने योजना एवं गैर योजना क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्य जिनमें सडक निर्माण, मरम्मत, पार्कों में विकास कार्य, पौधारोपण एवं सौन्दर्यकरण संबंधित कार्य कराए जाने की स्वीकृति प्रदान की।

यूआईटी की सचिव स्नेहल धायगुडे नाना ने बताया कि बैठक में हनुमान चौराहे के पास पीपीपी पर नया बस स्टैण्ड निर्माण कार्य, जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड कालीमोरी व अम्बेडकर नगर में 33/11 केवी सब स्टेशन की स्थापना, जल जीवन मिशन के अन्तर्गत ग्राम दिवाकरी में उच्च जलाशय व स्वच्छ जलाशय के निर्माण हेतु भूमि आवंटन की स्वीकृति दी गई। उन्होंने बताया कि जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला के भवन निर्माण हेतु अम्बेडकर नगर में एवं पुलिस के नवीन वृत्त कार्यालय अलवर दक्षिण के प्रशासनिक एवं आवासीय भवन हेतु अपना घर शालीमार (एक्सटेंशन) में भूमि आवंटन करने का निर्णय लिया गया। साथ ही केंद्रीय कारागृह के नवीन भवन, केंद्रीय भण्डारण निगम के नवीन भण्डार गृह, क्षेत्रीय कार्यालय कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के भवन, प्रधानमंत्राी अन्न भण्डार हेतु ग्राम पंचायत भण्डवाडा एवं केसरपुर में नवगठित बहुद्देशीय प्राथमिक सेवा सहकारी समिति लिमिटेड को भूमि आवंटन के प्रकरण राज्य सरकार को भिजवाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि न्यास क्षेत्र में 99.60 लाख रूपये की राशि से स्ट्रीट लाइट नियंत्रण और मॉनिटरिंग हेतु केंद्रीय सिस्टम एवं न्यास क्षेत्र के पार्कों में विद्युत रख-रखाव, विद्युत उपकरणों की मरम्मत, हाईमास्ट लाइट, रोड लाइट, सोलर लाइट के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई।

बैठक में यूआईटी की सचिव स्नेहल धायगुडे नाना, उप सचिव जितेन्द्र सिंह नरूका, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियन्ता रमेश चंद सैनी, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियन्ता भूरी सिंह, डीटीपी संध्या सैनी, यूआईटी के अधिशासी अभियन्ता अशोक मदान एवं कुमार संभव अवस्थी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

----------------------------------------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

Share this story