(अपडेट) अलवर में बाइक सवार तीन युवकों की मौत, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया
अलवर, 13 सितंबर (हि.स.)। अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में शनिवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा काली मोरी स्थित मोती नगर में रात करीब 10:15 बजे हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक और कार नाले की करीब पांच फीट ऊंची दीवार से जा टकराईं। दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और एक युवक उछलकर नाले में जा गिरा। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों की पहचान चोर डूंगरी निवासी जितेंद्र सिंह उर्फ छोटू (22), तहसीलदार कॉलोनी निवासी युवराज उर्फ युवी (21) और काला कुआं निवासी हिमांशु (22) के रूप में हुई है।
घटना के बाद रविवार सुबह करीब आठ बजे मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग जिला अस्पताल के बाहर बिजलीघर चौराहे पर धरने पर बैठ गए। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और उन्हें फांसी देने की मांग की। परिजनों का कहना था कि आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक वे धरने से नहीं उठेंगे और शव भी नहीं लेंगे। इस दौरान धरने पर बैठी महिलाएं रोती रहीं। करीब नौ घंटे बाद मृतकों के परिजनों और पुलिस प्रशासन के बीच सहमति बनी। पुलिस ने 72 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शवों का पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हुए।
थाना प्रभारी सुनील टांक ने बताया कि हादसे में जितेंद्र सिंह उर्फ छोटू पुत्र बजरंग सिंह राजपूत, युवराज उर्फ युवी पुत्र नेमीचंद सैनी और हिमांशु पुत्र धर्मेंद्र शर्मा की मौत हुई है।
डीएसपी राजेश कसाना ने बताया कि हिमांशु के पिता धर्मेंद्र शर्मा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि कार से टक्कर मारकर हिमांशु और उसके दो साथियों की हत्या की गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक युवराज के पिता नेमीचंद सैनी ने आरोप लगाया कि यह सामान्य सड़क हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है। उन्होंने बताया कि युवराज का कॉलोनी के कुछ युवकों से विवाद चल रहा था। परिजनों ने दावा किया कि जिस कार से बाइक को पीछे से टक्कर मारी गई, वह सचिन मीणा के नाम पर पंजीकृत है।
मृतक युवराज के चाचा दिनेश सैनी ने बताया कि शनिवार रात युवराज, जितेंद्र और हिमांशु पुराना भूरासिद्ध मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के बाद एक दोस्त से मिलने जा रहे थे। काली मोरी के पास कार से उन्हें टक्कर मारी गई। परिजनों ने इसके बाद युवकों के सिर पर पत्थर से वार किए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि शव अलग-अलग स्थानों पर मिले, जबकि एक शव नाले के अंदर पड़ा था। परिजनों के अनुसार कार में सचिन मीणा, सागर, पलटा और आकाश सहित चार-पांच युवक सवार थे। वारदात के बाद वे कार मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

