भाजपा सरकार में विकास की नई इबादत लिखेगा अलवर- केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव
अलवर , 26 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री और अलवर सांसद भूपेंद्र यादव शनिवार को अलवर पहुंचे। एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान निकाय चुनाव में निर्वाचित पार्षदों, महापौर, सभापति और अध्यक्षों ने उनका स्वागत किया। केंद्रीय मंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की और उनके साथ आए कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से संवाद कर निकाय चुनाव में मिली सफलता के लिए सभी का आभार जताया।
इसके बाद केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने प्रेस वार्ता कर निकाय चुनाव के परिणामों और अलवर लोकसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर अपनी बात रखी।
भूपेंद्र यादव ने बताया कि अलवर लोकसभा क्षेत्र में हुए निकाय चुनावों में भाजपा ने 20 में से 16 निकायों में जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि कोटकासिम, गोविंदगढ़ सहित कई निकायों में भाजपा के अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाला पंचायत चुनाव भी भाजपा जीतेगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि निकाय चुनाव में मिली सफलता के पीछे संगठन के कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मेहनत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप काम करने की बात कही।
प्रेस वार्ता के दौरान भूपेंद्र यादव ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के माध्यम से अलवर लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में विकास को गति देने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अलवर के साथ खैरथल-तिजारा और बहरोड़ क्षेत्र भी विकास की नई इबारत लिखेंगे। केंद्रीय मंत्री ने क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही।
राजस्थान सरकार की विकास योजनाओं और स्थानीय स्तर पर स्वीकृत कार्यों के रिकॉर्ड में भी भूपेंद्र यादव के सांसद मद से जुड़े विभिन्न विकास कार्य दर्ज हैं, जिनमें सड़क, पेयजल, विद्यालय भवन मरम्मत और अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कार्य शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव रविवार को अलवर लोकसभा क्षेत्र में कई विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे। उनके दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों में उत्साह नजर आया।
इस दौरान भाजपा उत्तर जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी, दक्षिण जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, कोऑपरेटिव सोसायटी अध्यक्ष संजय नरूका, संदीप दायमा, पूर्व विधायक रामहेत यादव सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

