चारागाह जमीन आवंटन पर 400 करोड़ के घोटाले का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
चारागाह जमीन आवंटन पर 400 करोड़ के घोटाले का आरोप


जयपुर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के केकड़ी से विधायक शत्रुघ्न गौतम ने पिछली कांग्रेस सरकार पर चारागाह जमीन के गलत आवंटन के जरिए 400 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया है। विधानसभा में शनिवार को उन्होंने कहा कि बीसलपुर विस्थापितों को मुआवजे के नाम पर चारागाह भूमि आवंटित की गई, लेकिन बाद में वही जमीन कांग्रेस नेताओं के चहेतों के नाम कर दी गई।

गौतम ने आरोप लगाया कि ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, लेकिन उनकी एक नहीं सुनी गई।

उन्होंने कहा कि चारागाह की जमीन नियमों के तहत दी ही नहीं जा सकती थी, फिर भी मुआवजे के नाम पर उसका आवंटन किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले में दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया को तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ड्रॉप कर दिया।

विधायक गौतम ने केकड़ी क्षेत्र में बाइपास निर्माण को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान बाइपास को इस तरह घुमाया गया कि जिन स्थानों पर कांग्रेस नेताओं की जमीनें थीं, वहां से मार्ग निकाला गया।

उनके अनुसार, कांग्रेस नेताओं के करीबियों के नाम 400 से अधिक रजिस्ट्रियां की गईं और तबादले के बाद तहसीलदार ने रात में कार्यालय खोलकर रजिस्ट्रियां कीं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

बाप विधायकों का हंगामा

विधानसभा में राजस्व विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के विधायकों ने जमकर नारेबाजी की और पोस्टर लहराए। बीएपी विधायकों ने पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली की सीबीआई जांच की मांग उठाई। वे सीबीआई जांच की मांग वाली टी-शर्ट पहनकर सदन में पहुंचे और बेरोजगार युवाओं को न्याय दिलाने की मांग की।

नारेबाजी के दौरान कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की ओर इशारा करते हुए तंज कसा, जिससे सदन का माहौल और गरमा गया। कुछ समय बाद स्थिति सामान्य हुई। इससे पहले बीएपी विधायक थावरचंद ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ बड़े आंदोलन हुए थे और वर्तमान सरकार से उम्मीद थी कि दोषियों को जेल भेजा जाएगा, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पूरे प्रकरण की सीबीआई से जांच कराने की मांग दोहराई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story