जयपुर में 63वीं अखिल भारतीय रेलवे ट्रैक साइकिलिंग चैम्पियनशिप शुरू

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में 63वीं अखिल भारतीय रेलवे ट्रैक साइकिलिंग चैम्पियनशिप शुरू


जयपुर में 63वीं अखिल भारतीय रेलवे ट्रैक साइकिलिंग चैम्पियनशिप शुरू


जयपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन, जयपुर के तत्वावधान में 63वीं अखिल भारतीय रेलवे ट्रैक साइकिलिंग चैम्पियनशिप 2026-27 मंगलवार से सवाई मानसिंह स्टेडियम स्थित साइकिलिंग वेलोड्रोम में शुरू हुई। प्रतियोगिता 24 सितंबर तक चलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी राजीव सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों को साइकिलिंग के महत्व के बारे में बताया और टीम भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। चैम्पियनशिप में नौ टीमों के करीब 75 खिलाड़ी और 45 अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में आठ प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।

पहले दिन 15 किलोमीटर स्क्रैच रेस में मध्य रेलवे के अजय पाल सिंह ने स्वर्ण, उत्तर रेलवे के नमन कपिल ने रजत और दक्षिण पश्चिम रेलवे के सुजल जादव ने कांस्य पदक जीता। टीम स्प्रिंट में मध्य रेलवे पहले, उत्तर रेलवे दूसरे और दक्षिण पश्चिम रेलवे तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता के तहत बुधवार को स्प्रिंट, एक किलोमीटर टाइम ट्रायल और चार किलोमीटर इंडिविजुअल परस्यूट स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। चैम्पियनशिप का समापन और पुरस्कार वितरण समारोह 24 सितंबर को होगा।

इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं मुख्य संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर (निर्माण) दीपक वर्मा, ओएसडी स्पोर्ट्स जितेंद्र कुमार सहित रेलवे के अधिकारी, खिलाड़ी और आयोजन समिति के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story