ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात टीटीई स्टाफ की सतर्कता से गुमशुदा बालक पहुंचा माता-पिता के पास

WhatsApp Channel Join Now
ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात टीटीई स्टाफ की सतर्कता से गुमशुदा बालक पहुंचा माता-पिता के पास


जयपुर, 10 मई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे जयपुर मंडल पर यात्रियों की सुरक्षा,पारदर्शी सेवा एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सदैव सजग और प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में डबल डेकर एक्सप्रेस में ड्यूटी पर तैनात टीटीई स्टाफ द्वारा सतर्कता,मानवीय संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई का परिचय देकर दो महत्वपूर्ण मामलों में सराहनीय कार्य किया ।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जयपुर पूजा मित्तल ने बताया की शनिवार को गाड़ी संख्या 12986 डबल डेकर एक्सप्रेस में टीटीई अंकित महर एवं नरेंद्र वर्मा की ड्यूटी कोच सी-3 से सी-10 तक निर्धारित थी। टिकट जांच के दौरान टीटीई अंकित महर को लगभग 13 वर्षीय एक बालक बिना टिकट यात्रा करते हुए मिला। पूछताछ में बालक ने अपना नाम राहुल ( परिवर्तित नाम) निवासी जसवंतपुर, टावा बताया और कहा कि वह बिना परिजनों को बताए घर से निकल आया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए टीटीई अंकित महर ने तुरंत सीएमआई कंट्रोल जयपुर को सूचना दी तथा मंडल वाणिज्य प्रबंधक जगदीश कुमार को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। तत्पश्चात बालक के पिता से संपर्क स्थापित किया गया तथा इटावा पुलिस को भी आवश्यक सूचना दी गई। पूछताछ में सामने आया कि मोबाइल फोन उपयोग करने की अनुमति नहीं मिलने से नाराज होकर बालक घर छोड़कर निकल आया है । रेलवे स्टाफ ने बालक को समझाइश कर सुरक्षित संरक्षण में लिया तथा आगे की कार्रवाई के लिए उसे रेलवे सुरक्षा बल अलवर को सुपुर्द कर दिया।

साथ ही अन्य मामले में टिकट जांच के दौरान समय कुछ यात्रियों ने टीटीई स्टाफ को शिकायत दी कि एक युवक टिकट संबंधी कार्रवाई के नाम पर उनसे पैसे वसूल रहा है, लेकिन किसी प्रकार की रसीद जारी नहीं कर रहा। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए टीटीई नरेंद्र वर्मा ने तुरंत अपने सहकर्मी अंकित महर को मामले से अवगत कराया। दोनों कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए सीएमआई कंट्रोल जयपुर को सूचना दी।

जांच एवं पूछताछ के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित युवक फर्जी टीटीई बनकर यात्रियों से अवैध वसूली कर रहा था। रेलवे कर्मचारियों की सजगता एवं सूझबूझ से आरोपित को मौके पर पकड़ लिया गया। तत्पश्चात टीटीई नरेंद्र वर्मा द्वारा विधिवत मेमो तैयार कर आरोपित को आरपीएफ अलवर को सुपुर्द कर दिया गया।

उत्तर पश्चिम रेलवे जयपुर मंडल टीटीई अंकित महर एवं नरेंद्र वर्मा की कर्तव्यनिष्ठा,सतर्कता एवं जिम्मेदार कार्यशैली की सराहना करता है। उनकी त्वरित कार्रवाई से एक और नाबालिग बालक को सुरक्षित संरक्षण प्राप्त हुआ,वहीं दूसरी और फर्जी टीटीई द्वारा की जा रही अवैध वसूली पर भी प्रभावी रोक लगाई जा सकी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story