राजस्थान के 26 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान के 26 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट


राजस्थान के 26 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट


जयपुर, 28 जून (हि.स.)। राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने रविवार को राज्य के 26 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में मौसम की यह गतिविधियां एक जुलाई तक जारी रहने की संभावना है।

प्रदेश में शनिवार दोपहर बाद उदयपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में मौसम बदला। उदयपुर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, पाली, सिरोही, झालावाड़ और बारां के कई क्षेत्रों में बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई।

सबसे अधिक वर्षा बांसवाड़ा जिले में मापी गई, जबकि प्रतापगढ़, पाली सहित अन्य जिलों में भी 1 से 3 इंच तक बारिश हुई। उदयपुर जिले के गोगुंदा क्षेत्र में अच्छी बारिश के बाद बाकल नदी में पानी की आवक शुरू हो गई और नदी-नाले उफान पर आ गए।

वहीं, प्रदेश के भरतपुर, जयपुर, अजमेर, बीकानेर और जोधपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में शनिवार को मौसम शुष्क रहा। तेज धूप और उमस के कारण पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर बना रहा। शनिवार को प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान फलोदी में 43.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा बीकानेर में 43.2, जैसलमेर में 43.0, बाड़मेर में 42.9, श्रीगंगानगर में 42.8, चूरू में 42.2, जोधपुर में 41.8, टोंक में 41.6, फतेहपुर और दौसा में 41.5, पिलानी में 40.7, पाली में 40.5, अलवर में 40.4 तथा कोटा और करौली में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

इधर, चूरू जिले के घांघू गांव में आई तेज आंधी और तूफानी बारिश से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story