हिंगोनिया गौ पुनर्वास केंद्र में अक्षय विद्यालय का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
हिंगोनिया गौ पुनर्वास केंद्र में अक्षय विद्यालय का शुभारंभ


जयपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। हिंगोनिया गौ पुनर्वास केंद्र में शुक्रवार को 'अक्षय विद्यालय' का शुभारंभ किया गया। विद्यालय का उद्घाटन राजस्थान हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता गुरुचरण गिल, हाईकोर्ट कमेटी सदस्य विजय पूनिया तथा नगर निगम ग्रेटर की पूर्व महापौर सौम्या गुर्जर ने किया।

इस अवसर पर गुरुचरण गिल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि संस्कारवान, कर्तव्यनिष्ठ और राष्ट्रप्रेमी नागरिक तैयार करना भी है। उन्होंने शिक्षा में नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व के समावेश पर बल दिया।

हाईकोर्ट कमेटी सदस्य विजय पूनिया और पूर्व महापौर सौम्या गुर्जर ने विद्यालय की स्थापना को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इससे हिंगोनिया क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा।

गौ पुनर्वास केंद्र के ट्रस्टी रघुपति दास ने बताया कि विद्यालय में आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, नैतिक शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, गौसंवर्धन, योग, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से नहीं, बल्कि सामाजिक रूप से भी जिम्मेदार नागरिक बनाना है।

कार्यक्रम में गौ पुनर्वास केंद्र के पदाधिकारी, शिक्षाविद्, सामाजिक कार्यकर्ता, गौसेवक, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story