अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) निकालेगा कर्मचारी जागृति यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) निकालेगा कर्मचारी जागृति यात्रा


जयपुर, 31 मई (हि.स.)। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) ने राज्य कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन का शंखनाद करते हुए आठ जून से कर्मचारी जागृति यात्रा निकालने की घोषणा की है। महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में यह यात्रा प्रदेश के सभी संभागों और जिलों में आयोजित की जाएगी।

महासंघ की प्रदेश महासमिति के निर्णयानुसार आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य कर्मचारियों को सरकार की कथित कर्मचारी विरोधी नीतियों की जानकारी देना तथा आगामी आंदोलन की रणनीति तैयार करना है। यात्रा के दौरान कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ के अनुसार राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) के निजीकरण का विरोध करते हुए इसे पूर्ववत सरकारी योजना के रूप में जारी रखने की मांग की है। इसके अलावा चयनित वेतनमान (8, 16, 24 एवं 32 वर्ष), वित्तीय पदोन्नति, संविदा एवं ठेका कर्मियों के नियमितीकरण, सेवा अवधि में दो वर्ष की अतिरिक्त छूट, उपार्जित अवकाश सहित अन्य सेवागत सुविधाओं की बहाली तथा लंबित 25 सूत्रीय मांगपत्र को लागू करने की मांग भी यात्रा के दौरान उठाई जाएगी।

महासंघ द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार यात्रा 8 जून को जयपुर से शुरू होगी। इसके बाद 10 जून को भरतपुर, 12 जून को कोटा, 14 जून को उदयपुर, 16 जून को जोधपुर, 18 जून को बीकानेर, 20 जून को अजमेर और 22 जून को सीकर में आयोजित होगी। इन कार्यक्रमों में संबंधित संभागों और जिलों के कर्मचारी बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश चौधरी ने सभी कर्मचारी संगठनों, कर्मचारियों और सहकर्मियों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए एकजुटता आवश्यक है।

इस आंदोलन की कमान प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़, महामंत्री मोहनलाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरूका, उपाध्यक्ष मधुबाला शर्मा, अजयवीर सिंह, राजेश चौधरी, कोषाध्यक्ष बहादुर सिंह, संरक्षक कुलदीप यादव सहित अन्य प्रदेश पदाधिकारी संभालेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story