अपराध नियंत्रण के साथ जनसेवा में भी अव्वल अजमेर पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
अपराध नियंत्रण के साथ जनसेवा में भी अव्वल अजमेर पुलिस


जयपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में राजस्थान पुलिस अपराध नियंत्रण के साथ जनसेवा और मानवीय पुलिसिंग का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। अजमेर पुलिस ने जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के नेतृत्व में कई मामलों में तत्परता, ईमानदारी और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए साइबर पीड़ित को राहत दिलाई, तीन लाख रुपये से अधिक मूल्य का खोया बैग लौटाया, काउंसलिंग के जरिए बिखरता परिवार जोड़ा, महिला की सोने की चेन बचाई तथा मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को उसके परिजनों से मिलाया।

कृष्णगंज थाना पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में हरियाणा निवासी खाताधारक का बैंक खाता आवश्यक राशि सुरक्षित रखते हुए अनफ्रीज कराया, जिससे वह अपनी कैंसर पीड़ित मां का इलाज करा सका। क्लॉक टावर थाना के हेड कांस्टेबल लाखन सिंह ने रेलवे स्टेशन के बाहर मिला करीब तीन लाख रुपये मूल्य का बैग उसकी स्वामिनी रेलवे कर्मचारी मीनाक्षी सिंह को लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की।

महिला थाना पुलिस ने वैवाहिक विवाद में सफल काउंसलिंग कर पति-पत्नी का समझौता कराया। वहीं होमगार्ड जवान धुरेन्द्र सिंह की सतर्कता से टेम्पो में चेन स्नेचिंग की वारदात नाकाम हुई और पीड़िता की चेन वापस दिलाई गई। रूपनगढ़ थाना पुलिस ने मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला गीता कुमावत की पहचान कर उसे सकुशल परिजनों से मिलाया।

इन सराहनीय कार्यों के लिए जिला पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों को प्रशंसा पत्र और प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि अपराधों की प्रभावी रोकथाम के साथ आमजन के प्रति संवेदनशील और सेवा-भाव से कार्य करना अजमेर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story