काउंसलिंग के जरिए कम्यूनिटी सर्विस को देंगे बढ़ावा

WhatsApp Channel Join Now
काउंसलिंग के जरिए कम्यूनिटी सर्विस को देंगे बढ़ावा


काउंसलिंग के जरिए कम्यूनिटी सर्विस को देंगे बढ़ावा


नगरवासी गैंगस्टर को अपने यहां या आस—पास शरण ना लेने दें— पुलिस अधीक्षक

अजमेर, 16 मार्च(हि.स.)। अजमेर जिले के नए पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अगरवाला ने सोमवार को सुबह पदभार ग्रहण करते ही अपने काम का नजरिया जनता से साझा किया। उन्होंने मीडिया से कहा कि अपराधी में भय और आमजन में विश्वास हर हाल में कायम किया जाएगा। इसके लिए नए कानून के तहत कम्यूनिटी सर्विस को प्रमोट किया जाएगा। जहां बिना किसी आपराधिक मंशा के किसी भी मामने में आरोपित बनाए गए लोगों को काउंसलिंग कर उन्हें सही मार्ग पर लाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि आखिर सभी का समाज में सौहार्द से रहना ही आखिरी ध्येय होता है। कई बार लोग किन्हीं कारणों से छोटे—छोटे विवादों को अनावश्यक उकसावे में बड़ा बना देते हैं ऐसे मामलों में पुलिस संवेदनशीलता से देखेगी और जहां भी विधिक कार्यवाही बनती है तो उसे अंजाम देगी।

पुलिस अधीक्षक ने अजमेर नगरवासियों से अपेक्षा की है कि कोई भी नागरिक गैंगस्टर को अपने यहां शरण ना दे। गैंगस्टर अथवा किसी संदिग्ध व्यक्ति के आसपास रहने की सूचना भी यदि उनके पास है तो उसे तुरंत पुलिस के साथ साझा करे। नागरिक ऐसा करते हैं तो वे समाज और राष्ट्र हित में होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुखबिर तंत्र पहले ही मजबूत है। सोशल और डिजीटल मीडिया के दौर में इस मुखबिर तंत्र को और मजबूती मिली है। पुलिस के पास पहले से ज्यादा और तीव्रता से सूचना पहुंच रही है।

आनलाइन फ्रॉड के मामले में उन्होंने लोगों से ही अपेक्षा की कि अव्वल तो ऐसे फ्रॉड के जाल में फंसे नहीं यदि किसी वजह से वे फंस भी गए हैं तो तुरंत ही पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि इस मामले में आरबीआई और पुलिस दोनों ही जागरूकता के संदेश प्रसारित कर रही है। इस तरह के फ्रॉड डिमांड एंड सर्विस के कारण हैं। उन्होंने कहा कि आनलाइन सर्विस और डिमांड को पूरे सोच विचार और देखभाल के ही चुनें। अजमेर में यातायात व्यवस्था में सुधार के सिलसिले में उन्होंने कहा कि वे पूर्व में भी अजमेर रहकर जा चुके हैं यहां की सड़कें जिस अनुपात में आबादी और व्हीकल बढ़े हैं उसके अनुसार नहीं हैं फिर भी यथा संभव कोशिश होगी कि शहर का यातायात सुगम और सहज बना रहे।

सुबह पद भार ग्रहण करने से पूर्व पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर उन्हें गार्ड आफ आनर दिया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, व्रताधिकारी, थानाधिकारी व अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

गौरतलब है कि निर्वतमान पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा का स्थानांतरण जयपुर होने पर उन्हें रविवार को पुलिस लाइन से विदाई दी गई इस दौरान उन्हें जीप में बैठा कर उसे रस्से से खींच कर लाइन से बाहर लाया गया। बहुत से अधिकारी इस दौरान उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा का कार्यकाल अजमेर के तारागढ़ पहाड़ी पर अतिक्रमण हटाने और अजमेर से बांग्लादेशी घुसपेटियों को खदड़ने के लिए खासतौर पर जाना जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story