संत सुरक्षा को लेकर 25 मई को मौन जुलूस निकालेगा सकल जैन समाज

WhatsApp Channel Join Now
संत सुरक्षा को लेकर 25 मई को मौन जुलूस निकालेगा सकल जैन समाज


अजमेर, 23 मई (हि.स.)। सकल जैन समाज की ओर से मध्यप्रदेश के रीवा में दो आर्यिका माताजी की कथित सड़क दुर्घटना में मृत्यु के विरोध में 25 मई को अजमेर में मौन जुलूस निकाला जाएगा। राष्ट्रीय आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम के तहत समाज के लोग संतों की सुरक्षा की मांग को लेकर जिला कलेक्ट्रेट तक मार्च करेंगे और ज्ञापन सौंपेंगे।

सकल जैन समाज से जुड़े प्रदीप पाटनी ने बताया कि इस अभियान से समस्त जैन संस्थाओं, मंदिर कमेटियों, युवा मंडलों और महिला मंडलों को जोड़ा जा रहा है। जैसवाल जैन समाज के अध्यक्ष सुनील जैन ने कहा कि संतों की सड़क दुर्घटनाओं के नाम पर हो रही निर्मम मौतों से समाज में भारी रोष है। उन्होंने बताया कि 25 मई को सुबह 9 बजे अजमेर के डाक बंगले पर समाजजन एकत्रित होंगे, जहां से मौन जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे।

सुनील जैन ने कहा कि देशभर के जैन समाज में इस घटना को लेकर आक्रोश है। संतों के आह्वान पर पूरे भारत में जैन समाज जिला कलेक्ट्रेटों पर पहुंचकर प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के नाम ज्ञापन सौंपेगा। उन्होंने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से सड़क दुर्घटना की गहन जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, जैन संतों के विहार मार्गों पर “संत सुरक्षा प्रोटोकॉल” लागू करने, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस सहयोग बढ़ाने तथा राष्ट्रीय संत सुरक्षा नीति बनाने की मांग की जाएगी। साथ ही संतों के विरुद्ध अपराधों को विशेष संवेदनशील श्रेणी में शामिल करने का आग्रह भी किया जाएगा।

इस दौरान सुशील पालीवाल, भागचंद मांडोत, शिखर चंद सिंगी, अशोक छाजेड़, विक्रम पारख और सुरेश खिवसरा ने समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story