कांग्रेस अध्यक्ष जयपाल पर जमीन कब्जाने का आरोप लगाने के बाद दरगाह कमेटी के नाजिम ने शिकायत वापस ली

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस अध्यक्ष जयपाल पर जमीन कब्जाने का आरोप लगाने के बाद दरगाह कमेटी के नाजिम ने शिकायत वापस ली


अजमेर, 07 सितंबर (हि.स.)। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल पर दरगाह कमेटी की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाकर सिविल लाइन थाना पुलिस को भेजी गई शिकायत को दरगाह कमेटी के नाजिम एवं सीईओ मोहम्मद बिलाल खान ने सोमवार को वापस ले लिया। उन्होंने पुलिस को भेजे पत्र में कहा कि कमेटी अब इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहती।

दरगाह कमेटी के नाजिम मोहम्मद बिलाल खान ने शिकायत में आरोप लगाया था कि सिविल लाइन स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा से जुड़ी दरगाह कमेटी की जमीन की तारबंदी डॉ. जयपाल ने तोड़ दी। शिकायत के अनुसार 6 सितंबर को कमेटी के कर्मचारी तारबंदी करने पहुंचे तो जयपाल और उनके समर्थकों ने उन्हें तारबंदी नहीं करने दी। शिकायत में कर्मचारियों के साथ मारपीट के प्रयास का भी आरोप लगाया गया था। नाजिम ने पुलिस से मामले में कार्रवाई करते हुए दरगाह कमेटी की संपत्ति सुरक्षित कराने की मांग की थी।

डॉ. जयपाल ने आरोपों को झूठा बताते हुए कहा कि विवादित जमीन दरगाह कमेटी की नहीं बल्कि अजमेर विकास प्राधिकरण की है। उन्होंने बताया कि इस जमीन को लेकर प्राधिकरण और निजी खातेदार गणपत माली के बीच न्यायालय में विवाद चल रहा है। जयपाल के अनुसार 6 सितंबर की रात कुछ लोग जमीन पर तारबंदी करने पहुंचे थे। इसकी जानकारी उन्होंने सिविल लाइन थाने को भी दी थी। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि जमीन दरगाह कमेटी की है तो रात के समय तारबंदी क्यों कराई जा रही थी। जयपाल ने आरोप लगाया कि राजनीतिक द्वेष के कारण उनके खिलाफ शिकायत की गई।

इस बीच 7 सितंबर को नाजिम मोहम्मद बिलाल खान ने सिविल लाइन थाना अधिकारी को पत्र भेजकर पूर्व में ईमेल के माध्यम से भेजी गई शिकायत वापस ले ली। पत्र में कहा गया कि दरगाह कमेटी अब डॉ. जयपाल के प्रकरण में कोई कार्रवाई नहीं चाहती। कमेटी ने पुलिस से शिकायत को दाखिल दफ्तर करने का अनुरोध किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story