वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के राजस्थान पर्यवेक्षक अजय शर्मा 25 को बीकानेर में
बीकानेर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत 25 अक्टूबर 2026 को एआईसीसी पर्यवेक्षक अजय शर्मा बीकानेर आएंगे। यहां वे कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक व प्रेस कांफ्रेंस करेंगे।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक अजय शर्मा अपने दौरे के दौरान रानी बाजार स्थित देहात कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में सायंकाल 04 बजे प्रेस वार्ता के माध्यम से वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के मुद्दे को प्रमुखता से उठाएंगे। उसके बाद सांयकाल बीकानेर जिला कांग्रेस कमेटी के नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण संवाद करेंगे।
उनके इस दौरे का मुख्य उद्देश्य वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के संदेश को आमजन तक पहुंचाने, लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, संविधान की रक्षा व महत्व को रेखांकित करने तथा कांग्रेस संगठन के माध्यम से इस मुद्दे पर जनजागरूकता बढ़ाने को लेकर विचार-विमर्श किया जायेगा।
प्रेस वार्ता के बाद पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक स्तर पर अभियान की रूपरेखा, जनसंपर्क गतिविधियों तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की जायेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

