मंगलवार से बदलेगा एयर ट्रैफिक; मुंबई-जोधपुर-दिल्ली के बीच नई उड़ान

WhatsApp Channel Join Now
मंगलवार से बदलेगा एयर ट्रैफिक; मुंबई-जोधपुर-दिल्ली के बीच नई उड़ान


जोधपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। नए एयरपोर्ट टर्मिनल के शुरू होने के बाद जोधपुर की हवाई कनेक्टिविटी लगातार विस्तार ले रही है। अब शहर को एक और नई उड़ान मिलने जा रही है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की यह उड़ान 1 सितंबर से मुंबई-जोधपुर-दिल्ली के बीच संचालित होगी। इसके लिए बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। हालांकि, इसी तारीख से एयर इंडिया की दिल्ली और मुंबई के लिए अलग-अलग संचालित होने वाली दो उड़ानों की बुकिंग बंद होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में नई उड़ान शुरू होने के साथ दो मौजूदा उड़ानों के बंद होने की आशंका भी बनी हुई है।

नई उड़ान मुंबई से सुबह 11.05 बजे रवाना होकर दोपहर 12.55 बजे जोधपुर पहुंचेगी। यहां से दोपहर 1.30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होकर 2.55 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में फ्लाइट दिल्ली से दोपहर 3.45 बजे रवाना होकर शाम 5.05 बजे जोधपुर पहुंचेगी। इसके बाद शाम 5.35 बजे जोधपुर से मुंबई के लिए उड़ान भरेगी और शाम 7.20 बजे मुंबई पहुंचेगी। इस तरह जोधपुर के रास्ते मुंबई से दिल्ली का सफर करीब चार घंटे और दिल्ली से मुंबई का सफर करीब साढ़े तीन घंटे में पूरा होगा।

समर सीजन में जोधपुर एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद, पुणे, हैदराबाद और ग्रेटर नोएडा सहित सात शहरों के लिए कुल 10 फ्लाइटों का संचालन हो रहा है। नई उड़ान शुरू होने से यात्रियों को मुंबई और दिल्ली के बीच सफर के लिए एक और विकल्प मिलेगा। दिल्ली से जोधपुर की हवाई यात्रा करीब सवा घंटे, जबकि मुंबई से जोधपुर का सफर करीब एक घंटा 50 मिनट का है।

विंटर सीजन में जोधपुर की हवाई कनेक्टिविटी और बढऩे की उम्मीद है। एयरपोर्ट प्रशासन ने एयरलाइंस कंपनियों को पत्र भेजकर कोलकाता, चेन्नई, देहरादून और गोवा के लिए नई उड़ानें शुरू करने का आग्रह किया है। इसके अलावा आकाशा और स्पाइसजेट से भी जोधपुर के लिए उड़ानें शुरू करने की मांग की गई है। एयरपोर्ट प्रशासन ने एयरफोर्स से एयरपोर्ट के संचालन का समय सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक करने का आग्रह भी किया है। पिछले विंटर सीजन में जोधपुर की नौ शहरों से हवाई कनेक्टिविटी थी और कुल 11 फ्लाइटों का संचालन हो रहा था।

जोधपुर अपनी ऐतिहासिक विरासत, किलों और पर्यटन स्थलों के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। ऐसे में दिल्ली और मुंबई से सीधा हवाई संपर्क मजबूत होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही व्यापार, उद्योग और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े लोगों के लिए भी आवागमन आसान होगा। नए हवाई अड्डा टर्मिनल के बाद उड़ानों का विस्तार शहर की बढ़ती हवाई जरूरतों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story