एम्स सीआरई-5 री-एग्जाम में सर्वर ठप: जयपुर में अभ्यर्थियों का हंगामा

WhatsApp Channel Join Now
एम्स सीआरई-5 री-एग्जाम में सर्वर ठप: जयपुर में अभ्यर्थियों का हंगामा


जयपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। एम्स सीआरई-5 री-एग्जाम के दौरान जयपुर के आई ऑन डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र पर एक बार फिर अव्यवस्था सामने आई। सर्वर में तकनीकी खराबी के चलते सुबह 9 बजे शुरू होने वाली परीक्षा करीब 30 मिनट की देरी से शुरू हुई। परीक्षा शुरू होने के करीब 20 मिनट बाद सर्वर दोबारा ठप हो गया, जिससे अभ्यर्थियों को बीच परीक्षा में परेशानी का सामना करना पड़ा। नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामा कर व्यवस्था पर सवाल उठाए।

अभ्यर्थियों के अनुसार सुबह 9 बजे परीक्षा शुरू होनी थी, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण करीब 9.30 बजे परीक्षा शुरू हो सकी। इसके कुछ देर बाद ही सर्वर में फिर दिक्कत आ गई। इससे परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित हुई और अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान तकनीकी बाधा का सामना करना पड़ा।

अभ्यर्थियों ने बताया कि आई ऑन डिजिटल जोन केंद्र पर यह पहली तकनीकी समस्या नहीं है। इससे एक दिन पहले इसी केंद्र पर आयोजित नीट पीजी परीक्षा के दौरान भी बिजली आपूर्ति सहित तकनीकी और व्यवस्थागत समस्याएं सामने आई थीं। लगातार दूसरे दिन परीक्षा केंद्र पर परेशानी आने से अभ्यर्थियों ने केंद्र की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।

एम्स सीआरई-5 परीक्षा पहले 25 जुलाई को आयोजित हुई थी। अभ्यर्थियों के अनुसार परीक्षा में सिलेबस से बाहर के प्रश्न आने की शिकायतों के बाद दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया।

अभ्यर्थियों ने परीक्षा एजेंसी और संबंधित अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए पूरे देश में आयोजित एम्स सीआरई-5 री-एग्जाम रद्द करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि परीक्षा में देरी, सर्वर ठप होना और बीच में तकनीकी रुकावट से अभ्यर्थियों के प्रदर्शन पर सीधा असर पड़ता है। छात्रों ने सभी अभ्यर्थियों को समान और निष्पक्ष परिस्थितियों में परीक्षा का अवसर देने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story