नकली खाद-बीज पर कृषि मंत्री का बड़ा एक्शन: कानोता के हीरावाला की फैक्ट्री पर मारा छापा
जयपुर, 11 जून (हि.स.)। प्रदेश में नकली खाद और बीज के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने गुरुवार को जयपुर के कानोता क्षेत्र स्थित हीरावाला रीको औद्योगिक क्षेत्र में एक खाद-बीज निर्माण फैक्ट्री पर अचानक दबिश दी। मंत्री के पहुंचते ही फैक्ट्री संचालकों और आसपास के उद्योगों में हड़कंप मच गया।
इस कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में खाद और बीज का स्टॉक मिला। जिसकी विभागीय अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी। कृषि विभाग की टीम ने विभिन्न उत्पादों के नमूने लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कृषि मंत्री डॉ. मीणा ने स्वयं फैक्ट्री परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर रखे कई सीलबंद कट्टों को खुलवाकर खाद और बीज की गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में नकली अथवा मानक गुणवत्ता के अनुरूप नहीं होने वाले कृषि उत्पादों के निर्माण और भंडारण की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर कृषि मंत्री अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस दौरान कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नकली खाद और बीज बेचने वालों के खिलाफ प्रदेशभर में अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि कृषि मंत्री डॉ. मीणा पिछले कुछ समय से प्रदेशभर में खाद-बीज निर्माण इकाइयों पर लगातार निरीक्षण और छापामार कार्रवाई कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने सीकर के रीको क्षेत्र स्थित श्री बालाजी एग्रो इंडस्ट्रीज तथा जोधपुर में तीन अलग-अलग फैक्ट्रियों और बोरानाडा स्थित बालाजी मूंगफली फैक्ट्री का भी निरीक्षण किया था।
कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। सरकार किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद और बीज उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा नकली कृषि उत्पादों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

