कृषि विवि में राष्ट्रीय सम्मेलन जल 2026 दस दिसंबर से
जोधपुर, 22 सितम्बर (हि.स.)। कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर में जल प्रबंधन एवं कृषि प्रौद्योगिकियों से संबंधित राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन जल 2026 का आयोजन 10 एवं 11 दिसंबर को किया जाएगा। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह जैतावत ने इस सम्मेलन के ब्रोशर का विमोचन किया।
सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य कृषि क्षेत्र में जल प्रबंधन एवं आधुनिक कृषि प्रौद्योगिकियों से संबंधित मुद्दों पर विशेषज्ञों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना तथा शोध एवं तकनीकी ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। इस मौके पर कुलगुरु प्रोफेसर जैतावत ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान में कृषि उत्पादन, प्राकृतिक संसाधनों एवं विशेष रूप से जल उपलब्धता से निकटता से जुड़ा हुआ है।
कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना का उद्देश्य भी पश्चिमी राजस्थान के कृषकों की आर्थिक उन्नति व मानव संसाधन के विकास से जुड़ा हुआ है। यह सम्मेलन विशेष रूप से शुष्क एवं अद्र्ध-शुष्क क्षेत्रों में कृषि के लिए जल संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा कृषि विकास से संबंधित विषयों पर ज्ञान के आदान-प्रदान की दिशा में महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करेगा।
जल प्रबंधन पर होगा व्यापक वैज्ञानिक विमर्श
यह सम्मेलन शोधकर्ताओं एवं विशेषज्ञों के लिए अपने अनुसंधान कार्यों, नवीन तकनीकों तथा अनुभवों को साझा करने का अवसर प्रदान करेगा। सम्मेलन के माध्यम से विभिन्न संस्थानों से जुड़े प्रतिभागियों को एक-दूसरे के अनुसंधान कार्यों एवं तकनीकी अनुभवों से परिचित होने का अवसर मिलेगा। इससे कृषि क्षेत्र में जल संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा नवीन कृषि प्रौद्योगिकियों के प्रसार से जुड़े प्रयासों को गति मिलने की संभावना है। जन संपर्क अधिकारी डॉ संगीता शर्मा ने बताया कि इस सम्मेलन में डॉ. प्रदीप पगारिया को संयोजक तथा डॉ. एम.एल. मेहरिया को सह-संयोजक बनाया गया है। आयोजन सचिव के रूप में डॉ. राहुल भारद्वाज, डॉ. सीमा, डॉ. प्रियंका स्वामी एवं डॉ. कुलदीप सिंह राजावत की भूमिका रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

