असम में वायुसेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त, डीडवाना के अग्निवीर खेमाराम कुमावत शहीद

WhatsApp Channel Join Now
असम में वायुसेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त, डीडवाना के अग्निवीर खेमाराम कुमावत शहीद


नागौर, 13 जून (हि.स.)। असम के जोरहाट स्थित रौरिया एयरबेस पर शनिवार सुबह भारतीय वायुसेना का एएन-32 मालवाहक विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले के पांचोता गांव निवासी अग्निवीर वायु सैनिक खेमाराम कुमावत (22) सहित पांच जवानों की मृत्यु हो गई, जबकि एक को-पायलट घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार खेमाराम कुमावत ने दिसंबर 2022 में भारतीय वायुसेना में अग्निवीर के रूप में सेवा शुरू की थी। हादसे की सूचना मिलते ही उनके पैतृक गांव पांचोता सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन लगातार वायुसेना अधिकारियों के संपर्क में हैं।

हादसे में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीर वायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीर वायु दानिश आलम का निधन हो गया। वायुसेना के अनुसार विमान नियमित उड़ान पर था और एयरबेस पर उतरने के दौरान दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे के बाद विमान में आग लग गई और वह दो हिस्सों में टूट गया।

परिजनों के अनुसार खेमाराम का अग्निवीर कार्यकाल शीघ्र पूरा होने वाला था। परिवार में उनके विवाह को लेकर भी चर्चा चल रही थी। खेमाराम के पिता किसान हैं, जबकि उनके बड़े भाई राजेंद्र कुमार सिविल इंजीनियर हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी सुरक्षा बलों में सेवाएं दे रहे हैं।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल राजेंद्र सिंह ने बताया कि शहीद खेमाराम की पार्थिव देह रविवार को नावां पहुंचने की संभावना है। इसके बाद तिरंगा यात्रा के साथ पार्थिव देह को पैतृक गांव पांचोता ले जाया जाएगा, जहां सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

भारतीय वायुसेना ने हादसे के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों ने अपील की है कि जांच पूरी होने तक दुर्घटना के कारणों को लेकर किसी प्रकार की अटकलें न लगाई जाएं। गौरतलब है कि एएन-32 भारतीय वायुसेना का महत्वपूर्ण मालवाहक विमान है, जिसका उपयोग सैनिकों और सैन्य सामग्री की ढुलाई में किया जाता है। यह विमान दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्रों में संचालन की क्षमता के लिए जाना जाता है। हादसे ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story