छुट्टी पर घर आए अग्निवीर की टांके में डूबने से मौत, रक्षाबंधन पर परिवार में छाया मातम

WhatsApp Channel Join Now
छुट्टी पर घर आए अग्निवीर की टांके में डूबने से मौत, रक्षाबंधन पर परिवार में छाया मातम


बाड़मेर, 28 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के पर्व के बीच छुट्टी पर घर आए एक अग्निवीर की खेत में बने पानी के टांके में डूबने से मौत हो गई। नहाने के लिए टांके पर गए अग्निवीर का पानी खींचते समय अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की तो टांके के पास उसके कपड़े मिले। टांके में देखने पर शव नजर आया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

हादसा बालोतरा जिले के गिड़ा थाना क्षेत्र के परेऊ गांव में हुआ।

मृतक की पहचान जोगाराम (25) पुत्र खेताराम निवासी परेऊ के रूप में हुई है। जोगाराम भारतीय सेना में अग्निवीर था और उसकी पोस्टिंग अरुणाचल प्रदेश में थी। वह करीब एक सप्ताह पहले ही छुट्टी लेकर अपने गांव आया था। परिजनों के अनुसार जोगाराम सुबह घर से निकला तो परिवार को लगा कि वह रोज की तरह वॉक करने गया है। जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद परिवार के लोग उसकी तलाश में खेत की ओर पहुंचे।

खेत में बने टांके के पास जोगाराम के कपड़े पड़े मिले। परिजनों ने जब टांके के अंदर देखा तो पानी में जोगाराम का शव दिखाई दिया। इसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई। ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना पर गिड़ा थानाधिकारी अचलाराम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को टांके से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को गिड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थानाधिकारी अचलाराम ने बताया कि घर के पास बने टांके में डूबने से अग्निवीर जोगाराम की मौत हुई है। पोस्टमॉर्टम करवाया जा चुका है। उसके भाई के आने के बाद शनिवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।

जोगाराम का वर्ष 2023 में भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में चयन हुआ था। वर्तमान में उसकी पोस्टिंग अरुणाचल प्रदेश में थी। करीब एक सप्ताह पहले ही वह छुट्टी पर अपने गांव आया था। परिवार में माता-पिता और चार भाई हैं। जोगाराम भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके बड़े भाई सवाईराम भी भारतीय सेना की आर्टिलरी में सिक्किम में तैनात हैं। जोगाराम की मौत की सूचना मिलने के बाद भाई और अन्य परिजन अंतिम संस्कार के लिए रवाना हुए हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी बाहर से गांव पहुंच रहे हैं।

रक्षाबंधन के पर्व के बीच जवान बेटे की अचानक मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। जिस घर में पर्व को लेकर तैयारियां चल रही थीं, वहां अब जोगाराम की मौत के बाद शोक का माहौल है। हादसे की सूचना मिलने पर बाड़मेर के जालीपा से सेना के अधिकारी भी परेऊ पहुंचे और परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। शनिवार को भाइयों के पहुंचने के बाद सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story