महालेखाकार भवन में लगेगी विभागीय कार्यों की प्रदर्शनी
जयपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा विभाग की ओर से 16 से 30 नवंबर तक ऑडिट वीक मनाया जाएगा। जानकारी के अनुसार वर्ष 2021 से हर साल 16 नवंबर को ऑडिट दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस वर्ष ऑडिट वीक का शुभारंभ 16 नवंबर को नई दिल्ली में भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) के संजय मूर्ति करेंगे।
प्रधान महालेखाकार प्रवीण यादव ने बताया कि इस दौरान विभाग के विभिन्न कार्यालयों में जागरूकता और संवाद से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे। जयपुर स्थित विभाग के आठ कार्यालय भी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगे। महालेखाकार भवन में सभी कार्यालयों की ओर से अपने कार्यों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जो आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी। इसके माध्यम से लोग विभाग की गतिविधियों और कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि विभागीय कर्मचारियों के लिए 18 नवंबर को निबंध लेखन प्रतियोगिता होगी। वहीं 19, 23 और 26 नवंबर को विभिन्न विषयों पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें रिमोट एवं हाइब्रिड ऑडिटिंग, डेटा की विश्वसनीयता, सुरक्षित डिजिटल साक्ष्य, लेखांकन एवं कोषागार, डीडीओ और पेंशन प्राधिकरणों का डिजिटलीकरण तथा सार्वजनिक वित्त एवं सरकारी लेखांकन जैसे विषय शामिल होंगे। इसके अलावा ऑडिट वीक के तहत विद्यार्थियों और युवा पेशेवरों के लिए सार्वजनिक वित्त, सरकारी लेखांकन और सार्वजनिक लेखापरीक्षा में करियर की संभावनाओं पर संवाद सत्र भी होंगे। साथ ही सीएजी-भाषिणी के हिंदी अनुवाद एप्लीकेशन की जानकारी दी जाएगी। साथ ही 25 नवंबर को कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। जिसमें स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं 27 नवंबर को समापन कार्यक्रम आयोजित होंगे।
विभाग के अनुसार ऑडिट वीक का उद्देश्य लेखा परीक्षा एवं वित्तीय प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नागरिकों, विद्यार्थियों तथा युवा पेशेवरों को विभाग के कार्यों और गतिविधियों से परिचित कराना है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

