शहर की सुंदरता पर दाग बनी एरियल केबल, हटाने के लिए निगम ने शुरु किया अभियान
जयपुर, 06 मई (हि.स.)। शहर की स्वच्छता व सुन्दरता एवं स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को ध्यान में रखकर नगर निगम की टीमों द्वारा बुधवार को वैशाली नगर और झोटवाड़ा जोन में एरियल केबल हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। एरियल केबल हटाने का काम अभियान के रुप में चलाया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह 5 बजे से झोटवाड़ा एवं वैशाली नगर जोन में नगर निगम की राजस्व प्रथम की लाइसेंस शाखा मय होर्डिंग शाखा, विद्युत शाखा एवं गैराज शाखा की टीम एवं सर्तकता शाखा के जाप्ते के साथ संयुक्त अभियान चलाकर विभिन्न टेलीकॉम सेवा प्रदाता कम्पनी एवं अन्य डिजिटल केबल सर्विस प्रोवाइडर द्वारा नगर निगम के विद्युत पोल्स पर लगाई गई अवैध एरियल केबल एवं अवैध क्रॉसिंग को हटाया गया।
आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि एरियल केबल शहर की सुंदरता को बिगाड़ रही है। इसी को ध्यान में रखकर यह संयुक्त अभियान चलाया गया जिसके तहत झोटवाड़ा एवं वैशाली नगर जोन के गांधी पथ रोड, लालरपुरा रोड, गिरधारीपुरा रोड, गजसिंहपुरा रोड एवं अन्य मार्गो पर टीमों द्वारा अभियान चलाकर विद्युत पोल्स पर लगाई गई अवैध एरियल केबल एवं अवैध क्रॉसिंग को हटाया गया। इसके साथ ही भविष्य में भी ऐसे स्थानों पर विजिलेंस टीम द्वारा गश्त भी करवाई जाएगी।जिससे अवैध केबल लगने की पुनरावृत्ति ना हो सके।
उपायुक्त राजस्व प्रथम मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि लाइसेन्स शाखा द्वारा भविष्य में भी समय-समय पर विभिन्न कम्पनियों द्वारा बिना अनुमति के लगाए जाने वाली एरियल केबल को हटाने की कार्यवाही के साथ ही संबंधित सेवा प्रदाता कम्पनी के विरूद्ध विधिक कार्यवाही की जाती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

