खैरथल-तिजारा में बड़ी कार्रवाई: 180 किलो मिलावटी व सिंथेटिक पनीर नष्ट
खैरथल-तिजारा, 25 फ़रवरी (हि.स.)। होली से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा कसते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, जयपुर डॉ टी शुभमंगला के निर्देश पर 24 फरवरी से 2 मार्च 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जिला खैरथल-तिजारा में करीब 180 किलो मिलावटी एवं सिंथेटिक पनीर मौके पर ही नष्ट कराया गया।
कार्रवाई जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अरविंद गेट के नेतृत्व में की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेवात क्षेत्र से सुबह के समय मिलावटी और सिंथेटिक पनीर किशनगढ़ और खैरथल में 170 रुपये प्रति किलो की दर से बेचा जा रहा है।
सूचना के आधार पर सुबह 6 बजे किशनगढ़ सर्किल पर टीम ने कार को रुकवाया। जांच में कार से पांच पेटियों में करीब 180 किलो सिंथेटिक पनीर बरामद हुआ।
मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन से मौके पर जांच की गई। ड्राइवर ने स्वीकार किया कि पनीर 170 रुपये प्रति किलो की दर से स्थानीय बाजार में सप्लाई किया जाना था। पनीर के सैंपल लेकर खाद्य सुरक्षा लैब में भिजवाए गए, जबकि शेष बदबूदार और मिलावटी पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
कार्रवाई में महिपाल सिंह और सुभाष यादव सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौजूद रही।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में मिलावट के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

