जन्माष्टमी और शोभायात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
जन्माष्टमी और शोभायात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट


जयपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व 4 सितंबर को जयपुर के श्री गोविन्द देवजी मंदिर, इस्कॉन सहित शहर के अन्य मंदिरों में मनाया जाएगा। वहीं अगले दिन 5 सितंबर को सुबह नन्दोत्सव और शाम 4 बजे से श्रीजी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई।

जिला कलेक्टर ने नगर निगम अधिकारियों को मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल टॉयलेट लगाने और बेसहारा पशुओं पर नियंत्रण के निर्देश दिए। परकोटे के प्रवेश द्वारों पर सजावटी रोशनी की व्यवस्था भी की जाएगी। यातायात पुलिस को भीड़ के मद्देनजर यातायात प्रबंधन के निर्देश दिए गए।

जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते मोबाइल कनेक्टिविटी प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए बीएसएनएल के डीजीएम (शहर) को अतिरिक्त व्यवस्था करने को कहा गया। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ ट्रांसफार्मर और बिजली लाइनों के आसपास पेड़-पौधों की छंटाई कराने के निर्देश दिए गए।

जेडीए और नगर निगम को मंदिरों व शोभायात्रा मार्ग पर बारिश से हुए गड्ढों की समय रहते मरम्मत कराने को कहा गया। प्रशासन की ओर से कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा। अग्निशमन, एम्बुलेंस और चिकित्सा व्यवस्थाओं के साथ सुरक्षा इंतजामों के लिए संबंधित विभागों को मंदिर प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय करने के निर्देश दिए गए।

जिला कलक्टर ने अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट शहर (दक्षिण) युगांतर शर्मा को सभी विभागों के बीच समन्वय कर व्यवस्थाएं निर्धारित समय में पूरी कराने की जिम्मेदारी सौंपी। बैठक में नगर निगम, पुलिस, यातायात, चिकित्सा, बिजली, जलदाय, बीएसएनएल, जेडीए और मंदिर प्रशासन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story