एडीजे ने केन्द्रीय कारागृह में किया लीगल एड हेल्प डेस्क का शुभारम्भ
श्रीगंगानगर, 18 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा केन्द्रीय, जिला कारागृहों में स्थित मुलाकात कक्ष, स्थान पर लीगल एड हैल्प डेस्क स्थापित किये जाने के निर्देश पर सोमवार को केन्द्रीय कारागृह में स्थित मुलाकात कक्ष में सचिव (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रवि प्रकाश सुथार द्वारा मुलाकात से न्याय तक अभियान के तहत लीगल एड हेल्प डेस्क का शुभांरभ किया गया।
एडीजे रवि प्रकाश सुथार ने बताया कि केन्द्रीय कारागृह में बंदीगण अथवा परिजन हेतु निर्धारित मुलाकात समय में लीगल एड हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य बंदीजन के परिजनों की ओर से प्राप्त होने वाले समस्त प्रार्थना पत्रों में विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के तहत आवश्यक सहयोग व सहायता प्रदान करना है तथा नालसा की सप्रूहा योजना के तहत कारागृह में निरूद्ध बन्दियों, उनके परिवाजनों व पीड़ितों को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान करना है। मुलाकात हेल्प डेस्क में कार्य करने हेतु प्राधिकरण की ओर से 01 जेल विजिटिंग अधिवक्ता व 01 पीएलवी को अधिकृत किया गया है। इसके साथ ही नालसा (सप्रूहा) योजना का क्रियान्वयन भी हैल्प डेस्क पर प्रारंभ कर दिया गया है। इस अवसर पर उप-अधीक्षक हेमराज, कारापाल चरण सिंह, चीफ एलएडीसी रोहताश यादव, असिस्टेंट एलएडीसी नरपेन कम्बोज, अमनदीप चलाना, करण धवन तथा पीएलवी सुनिता राजोरिया व रेणुबाला उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

